उदयपुर। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सायर में चंगाई सभा के आड़ में मतांतरण का बड़ा खेल चलने का आरोप हिंदू संगठनों ने लगाया है। ऐसा ही एक मामला सरगुजा कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम बनसिंह नेताम के द्वारा पंचायत सचिव कामेश्वर सिंह के माध्यम से रविवार 13 अक्टूबर की सुबह चंगाई सभा को बंद कराने के बाद सामने आया। सचिव ने गांव के चौकीदार छन्नू दास को डुबला एक्का के ग्राम सायर स्थित घर में चल रहे चंगाई सभा को तत्काल बंद कराने के लिए कहा था। चौकीदार के पहुंचने के बाद चंगाई सभा को बंद कर दिया गया था। इधर जैसे ही ग्रामीणों को इसकी भनक लगी, तो उन्होंने विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर तत्काल विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड प्रमुख हरिओम सोनी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक यहां पर चंगाई धर्मसभा बंद हो चुका था। इसके बाद वे केदमा चौकी में मतांतरण की जानकारी दी।
विश्व हिंदू परिषद की ओर से सोमवार को उदयपुर एसडीएम, तहसीलदार, थाना प्रभारी तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अवगत कराया गया है कि प्रखंड उदयपुर के ग्राम सायर में धर्म विशेष के लोगों द्वारा भोले-भाले आदिवासी, मझवार एवं कोरवा जनजाति के लोगों के घर-घर तक धर्म विशेष की पुस्तक का वितरण किया जा रहा है। ग्राम सायर में राजपुर के डुबला एक्का के द्वारा कई महीनों से धर्म सभा होने और लोगों को मतांतरित करने के साथ ही भोले-भाले आदिवासियों को अपने जाल में फंसा कर इनके जमीन को भी प्रलोभन देकर खरीदने का आरोप लगाया गया है। कहा गया है कि ग्राम सायर में घर बनाकर डुबला एक्का के द्वारा धर्म सभा का आयोजन किया जा रहा है। इनके द्वारा आदिवासियों को बरगलाकर अंधविश्वास फैलाने की बात कही गई है।

Categorized in: