अंबिकापुर। सरगुजा जिला के दरिमा हवाई अड्डा में पदस्थ मुख्य सुरक्षा अधिकारी का व्हाट्सअप अकाउंट हैक करके 40 हजार रुपये की ठगी का प्रयास परिचित लोगों से करने का मामला प्रकाश में आया है। हालांकि परिचितों के द्वारा बरती गई सावधानी से ठग अपने मंसूबे में सफल नहीं हुआ। भविष्य में हैकर ठगी के प्रयास में सफल न हो, इसे ध्यान में रखते हुए घटना की रिपोर्ट दरिमा थाने में अधिकारी ने दर्ज कराई है।

जानकारी के मुताबिक दरिमा हवाई अड्डा में पदस्थ मुख्य सुरक्षा अधिकारी जयराम चेरमाको ने रिपोर्ट दर्ज कराया है कि उनके मोबाइल नम्बर से जुड़े व्हाटसप अकाउंट का हैक करके अज्ञात व्यक्ति के द्वारा अनाधिकृत रूप से उपयोग करने का प्रयास किया गया। 24 जुलाई को उनके मित्र और परिचितों से संपर्क करके गुगल पे एवं फोन पे के माध्यम से 40 हजार रुपये की ठगी करने का प्रयास किया गया। इसकी जानकारी मिलने पर उन्होंने अपने परिचितों को ठग के झांसा में नहीं आने के लिए सावधान किया गया, जिससे ठग अपने प्रयास में सफल नहीं हो पाया। मामले में रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

ठगों से आमजन रहें सावधान
आए दिन साइबर क्राइम के मामले में सामने आ रहे हैं। कभी मोबाइल नम्बर हैक करके, तो कभी डिजिटल अरेस्ट या अन्य तरीके से ठगी का प्रयास करने के सैकड़ों मामले अब तक सामने आ चुके हैं। ठगी के ऐसे मामलों में जनसामान्य को भी सावधान रहने की जरूरत है, ताकि वे स्वयं या उनके संबंधी ठगी का शिकार न हों।  

Categorized in: