जेल से सजा काटकर आए पति को महिला ने दी जानकारी, दुष्कर्म का भी आरोप लगाया

अंबिकापुर। सर्पदंश से बच्चे की मौत के बाद प्रशासन के द्वारा स्वीकृत राशि को गांव के ही दो लोगों के द्वारा बरगलाकर निकाल लेने व दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। जेल से छूटकर आए पति को महिला ने पूरी जानकारी दी। जब वह संबंधितों से संपर्क किया तो उन्होंने गालीगलौज करते हुए मारपीट की घटना को अंजाम दिया। घटना की जानकारी पीड़ित महिला ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कमलेश्वरपुर थाना पुलिस अग्रिम कार्रवाई जांच कार्रवाई में जुट गई है।


सरगुजा जिला के कमलेश्वरपुर थाना अंतर्गत रहने वाली 40 वर्षीय महिला ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अवगत कराया कि उसके 4 वर्षीय पुत्र की मृत्यु वर्ष 2021 में सांप के काटने से हो गई थी। इसके बाद शासन की ओर से क्षतिपूर्ति राशि के रूप में 4 लाख रुपये मिला था। इसकी जानकारी प्रवीण यादव उर्फ मंढारी 40 वर्ष व महेश यादव 38 वर्ष दोनों पिता रामनारायण यादव, निवासी थाना कमलेश्वरपुर को मिली तो वे उसके संपर्क में आए और बहला-फुसलाकर झांसे में लेकर बैंक में खाता खुलवा देने के लिए कहा। महिला का छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक में 05.11.2022 को खाता खुला और उसमें सर्पदंश से पीड़ित बच्चे की मौत के एवज में स्वजन को मिलने वाली क्षतिपूर्ति राशि जमा हो गई। इसके बाद आरोपियों ने बैंक में कम ब्याज मिलने की बात कही और ज्यादा ब्याज देने और कुछ समय बाद पैसा वापस कर देने की बात कहकर उसे विश्वास में ले लिया। महिला इनके बहकावे में आ गई। दोनों उसे अपने मार्सल वाहन में बैठाकर कमलेश्वरपुर बैंक ले गए और 09.11.2022 को 49 हजार रुपये, 11.11.2022 को 49 हजार रुपये, 15.11.2022 को 49 हजार रुपये, 22.11.2022 को 49 हजार रुपये, 25.11.2022 को 49 हजार रुपये, 29.11.2022 को 49 हजार रुपये, 08.12.2022 को 49 हजार रुपये, 14.12.2022 को 49 हजार रुपये, कुल 3 लाख 8 हजार 855 रुपये निकाल लिए। महिला का पति जब 14 वर्ष 7 माह का सजा काटकर जेल से वर्ष 2023 में वापस घर आया तो वह अपने पति को इसकी जानकारी दी। बैंक से स्टेटमेंट निकलवाने पर पता चला कि दोनों मिलकर पूरी राशि को धोखे से निकलवा लिए हैं।

जंगल में ले जाकर आरोपी करते थे दुष्कर्म
महिला का आरोप है कि मार्सल से कमलेश्वरपुर बैंक ले जाने के दौरान दोनों आरोपी जंगल में गाड़ी ले जाते थे और गाड़ी में ही उसके साथ बारी-बारी दुष्कर्म करते थे, जिससे वह गर्भवती हो गई और एक पुत्री का जन्म दी है, जो वर्तमान में 4 वर्ष की है। पति के जेल जाने पर वह घर में अकेली रहती थी। इसका फायदा उठाकर किए जाने वाले दृष्कृत्य का वह विरोध करती थी तो वे जातिगत गाली-गलौज करके उसे जान से मार कर फेंक देने की धमकी देते थे और डराते-धमकाते थे, जिससे वह चुप्पी साधे रही और घटना के बारे में किसी को नहीं बताई थी।

रुपये मांगने पर महिला के पति से मारपीट
महिला का पति 19.04.2024 को जब बैंक का स्टेटमेंट लेकर प्रवीण और महेश यादव के पास गया और उसकी पत्नी के बैंक खाता में जमा राशि निकाल लेने पर आपत्ति जताते हुए रुपये वापस करने के लिए कहा तो वे गाली-गलौज करते हुए टांगी, हाथ-मुक्का से मारपीट करने लगे, जिसमें उसके बाएं हाथ का उंगली कट गया। इसकी रिपोर्ट थाना कमलेश्वरपुर में वह किया था, लेकिन किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं करने से आरोपियों का मनोबल बढ़ने का वह आरोप लगाया है। पीड़ित दंपती ने शासन-प्रशासन से पुत्र की सर्पदंश से मौत के बाद मिली राशि को वापस दिलाने और आरोपियों के विरूद्ध कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

कमलेश्वरपुर थाना अंतर्गत बच्चे की सर्पदंश से हुई मौत के बाद शासन से मिले 4 लाख रुपये का महिला के खाते से प्रवीण यादव और महेश यादव के द्वारा छलपूर्वक आहरण करने और दुष्कर्म की शिकायत मिली है। इनके द्वारा महिला का बैंक में खाता खुलवाया गया था और रकम जमा होने पर उसे आहरित कर लिया था। मामले की जांच पुलिस कर रही है। जो भी दोषी होंगे उनके विरूद्ध वैधानिक कार्रवाई करेगी।
अमोलक सिंह ढिल्लो, एएसपी सरगुजा

Categorized in: