आक्रोशित नगरवासियों ने स्वजन के साथ किया चक्काजाम, चार घंटे बाद आवागमन हुआ सुचारूकिराना सामान लेने निकले थे कुवरलाल सूर्यवंशी, मौत से स्वजन सदमे में

भटगांव। सूरजपुर जिले के भटगांव में शुक्रवार की रात करीब आठ बजे सड़क किनारे खड़े युवक को मॉडीफाइड महिंद्रा जीप ने टक्कर मार दी। वाहन की गति तेज होने की वजह से युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इसकी जानकारी स्वजनों को मिलते ही मातम का माहौल बन गया। घटना से नाराज लोगों ने चक्काजाम करके सड़क मार्ग को बाधित कर दिया। पुलिस की ओर से सात दिनों के अंदर आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन मिलने पर चक्काजाम समाप्त किया गया।

जानकारी के अनुसार डबल स्टोरी भटगांव क्वाटर नंबर 795 निवासी कुवरलाल सूर्यवंशी एसईसीएल भटगांव में नौकरी करता था, जो शुक्रवार को शाम करीब 07.30 बजे घरेलू सामान लेने घर से अकेले पैदल दुकान गया था। रात करीब आठ बजे सोनू इलेक्ट्रानिक दुकान के सामने मुख्य मार्ग में काले रंग की मॉडिफाई बिना नंबर की महिन्द्रा जीप के चालक आदित्य सिंह पिता स्व. शैलेन्द्र सिंह निवासी भटगांव नेे शराब के नशे में तेज व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए कुंवरलाल सूर्यवंशी को पीछे से ठोकर मार दिया। दुर्घटना के जीप सवार मौके पर दुर्घटनाकारित वाहन से उतरा और वहां पर उपस्थित लोगों से कहा जिन्दा है कि मर गया है, इसके बाद दुर्घटना कारित वाहन को वहीं पर छोड़कर दूसरी गाड़ी में बैठकर मौके से भाग गया। दुर्घटना में युवक के सिर, दाएं हाथ, पैर में गंभीर चोट आई थी। उसे इलाज के लिए एसईसीएल अस्पताल भटगांव लाया गया, यहा डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया था।


सात दिन के अंदर गिरफ्तारी का मिला आश्वासन
घटना से नाराज भटगांव, जरही और आसपास के ग्रामीण त्रिपाठी चौक पर चक्काजाम करके प्रदर्शन किया। सड़क जाम रहने से आवागमन बाधित हो गया। सूचना मिलते ही थाना भटगांव से पुलिस पहुंची और स्वजनों और क्षेत्रवासियों को मनाने का प्रयास की लेकिन प्रदर्शनकारी लगातार आरोपी को गिरफ्तार करने और कठोर कार्रवाई करने की मांग पर अड़े थे। इनका कहना था कि लंबे समय से तेज गति में बाइकर्स और अन्य गाड़ियों के चालक फर्राटा भर रहे हैं। असीमित गति पर रोक लगाने की लगातार मांग के बाद भी स्थानीय प्रशासन के द्वारा कोई प्रयास नहीं किया गया, परिणामस्वरूप एक नागरिक को असमय कालकलवित होना पड़ा। एसडीओपी की उपस्थिति में समझाइश का दौर चला और सात दिनों के अंदर आरोपी के गिरफ्तारी की बात कही गई।

Categorized in: