24 अप्रैल को होना था विवाह, एक दिन पहले अस्पताल लेकर पहुंचे स्वजन

अंबिकापुर। अविवाहित युवती की तबियत गर्भपात का दवा सेवन करने से बिगड़ी, इलाज के दौरान व युवती और गर्भस्थ नवजात की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक कोरिया जिला के बैकुंठपुर थाना अंतर्गत रहने वाली 26 वर्षीय युवती का विवाह 24 अप्रैल को होना तय था, इसके पहले 22 अप्रैल को मंडप कार्यक्रम था। परिवार के सदस्य वैवाहिक आयोजनों की तैयारी में लगे थे। युवती 4 माह की गर्भवती थी।

मृतिका की बहन ने बताया कि, 24 अप्रैल को उसकी बहन का विवाह होना था। बारात आने से पहले 23 अप्रैल को तबियत बिगड़ने के कारण विवाह रूक गया। बैकुंठपुर जिला अस्पताल में भर्ती करके इलाज करा रहे थे, इस दौरान सोनोग्राफी जांच में पता चला कि वह 4 माह की गर्भवती है। पूछताछ में युवती ने अबॉर्शन के लिए दवा खाना बताया। 25 अप्रैल को चिकित्सक के द्वारा रेफर करने पर युवती को बेहतर उपचार के लिए एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाया गया। 26 अप्रैल को इलाज के दौरान दोपहर बाद 3.15 बजे उसकी मौत हो गई। गर्भ में पल रहे बच्चे का पिता कौन है, यह अग्रिम जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

इधर मौत को लेकर डॉक्टरों का मानना है कि, युवती के द्वारा अबॉर्शन की दवा खाने के कारण पहले तो गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हुई, संक्रमण फैला और युवती की भी मौत हो गई। गर्भपात का दवा किसने उपलब्ध कराया, यह अस्पष्ट है। सोमवार को पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया। पुलिस ने मृतिका की बहन का बयान दर्ज करने के बाद मर्ग कायम करके, शव स्वजन के सुपुर्द कर दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद अग्रिम जांच कार्रवाई बैकुंठपुर थाना पुलिस करेगी।

Categorized in: