अंबिकापुर। खेत में लबालब पानी भरा देखकर मेड़ काटने के लिए रेनकोट पहनकर गया युवक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया, क्षेत्रीय अस्पताल से रेफर करने पर स्वजन उसे अंबिकापुर लेकर आ रहे थे, लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई थी।
जानकारी के मुताबिक रघुनाथपुर पुलिस चैकी अंतर्गत ग्राम पुरकेला का देवलाल नागेश पिता स्व. लक्ष्मण नागेश 26 वर्ष, 6 जुलाई को झमाझम बारिश के कारण खेत को पानी से लबालब देखकर अपने खेत के मेड़ को काटने के लिए कहकर घर से निकला था। इसी बीच गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में वह आ गया था, जिससे स्वजन व गांव के लोग अनभिज्ञ थे। दोपहर करीब 2 बजे उसका चाचा अंगद खेत की ओर जा रहा था, इस दौरान उसकी नजर जानकी बाई के खेत में अचेत अवस्था में पड़े देवलाल पर पड़ी। पास गया तो देखा कि देवलाल का रेनकोट, टीशर्ट सहित पहना हुआ कपड़ा जल गया था। स्वजन उसे रघुनाथपुर स्वास्थ्य केन्द्र लेकर पहुंचे, यहां से रेफर करने पर युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाया गया, यहां जांच के बाद अपरान्ह 3.13 बजे चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया है।

Categorized in: