तीन दिन तक प्रादेशिक राजनीति का केंद्र बना मैनपाट, शिविर का एजेंडा संगठन से संवाद, जनता से जुड़ाव
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के शिमला मैनपाट, कमलेश्वरपुर में सोमवार से भाजपा का तीन दिवसीय चिंतन और प्रशिक्षण वर्ग शुरू हो गया है। 54 विधायक और 10 सांसद इस शिविर में भाग ले रहे हैं। शिविर का उद्घाटन राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा ने किया। उन्होंनेे राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चिंतन व प्रशिक्षण वर्ग की भूमिका व प्रस्तावना से सांसदों व विधायकों को अवगत कराया। यह शिविर भाजपा के लिए संगठन की धार तेज करने, विधायकों-सांसदों के बीच संवाद बढ़ाने, और सरकार-संगठन की साझा प्राथमिकताओं को स्पष्ट करने का बड़ा मंच माना जा रहा है। सत्ता और संगठन के समन्वय, विचारधारा और जनसंपर्क जैसे रणनीतिक पाठ सिखाए जा रहे हैं। चिंतन शिविर में तमाम दिग्गजों की मौजूदगी से तीन दिन तक प्रदेश की पूरी राजनीति का केंद्र मैनपाट बन गया है। प्रशिक्षण से पूर्व सभी सांसदों, विधायकों ने एक पेड़ मां के नाम अंतर्गत आम, सिंदूर, रुद्राक्ष जैसे विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। इस दौरान प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन की भी मौजूदगी रही। आमतौर पर भाजपा निर्वाचन के तुरंत बाद प्रशिक्षण शिविर आयोजित करती है, इस बार विधानसभा, लोकसभा और निकाय चुनावों की व्यस्तता के कारण इसमें लगभग सात माह विलम्ब हुआ है। इसे राज्य की राजनीतिक दिशा तय करने वाला शिविर माना जा रहा है। चिंतन और रणनीति से भरे इस शिविर को 2029 के चुनाव की तैयारी को बिगुल माना जाए तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शाम को हवाई मार्ग से राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश सिंह के साथ रवाना हो गए।
एक दिन पहले पहुंच गए थे अजय जामवाल और पवन साय
बता दें कि मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश का अलर्ट जारी करने के बावजूद, संगठन की कमान संभाल रहे अजय जामवाल, पवन साय जैसे नेता एक दिन पहले ही तीन दिवसीय चिंतन शिविर स्थल पर पहुंच गए थे। इनके द्वारा की गई तैयारियों की पूर्व समीक्षा की गई। शिविर के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित पूरे मंत्रिमंडल, सांसदों और विधायकों की मौजूदगी सरगुजा जिला के खूबसूरत हिल स्टेशन मैनपाट में है। माना जा रहा है कि राज्य सरकार के महत्वपूर्ण फैसले भी यहीं से लिए जाएंगे। शिविर का एजेंडा संगठन से संवाद, जनता से जुड़ाव बताया जा रहा है। शिविर में भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के कई दिग्गज नेता सांसदों, विधायकों को प्रशिक्षित करेंगे। प्रत्येक सत्र का विषय और वक्ता पहले से तय हंै।
इन विषय वक्ताओं को सुनने का मिलेगा अवसर
भाजपा का तीन दिवसीय चिंतन और प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा के वैश्विक प्रभाव पर धर्मेंद्र प्रधान केंद्रीय शिक्षा मंत्री, सामाजिक-भौगोलिक विस्तार पर वी. सतीश राष्ट्रीय संगठक, विकसित छत्तीसगढ़ में अवसर और चुनौती पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, सोशल मीडिया और मीडिया मैनेजमेंट पर विनोद तावड़े राष्ट्रीय महामंत्री, लोक व्यवहार, वक्तृत्व कौशल, समय प्रबंधन पर शिवराज सिंह केंद्रीय कृषि मंत्री, पंच प्राण और भाजपा विचार पर शिवप्रकाश राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री प्रकाश डालेंगे। जिज्ञासा समाधान बी.एल. संतोष राष्ट्रीय संगठन महामंत्री करेंगे। राष्ट्रीय चुनौतियों में भाजपा की भूमिका से अमित शाह गृह मंत्री अवगत कराएंगे।
मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं
भाजपा का तीन दिवसीय चिंतन और प्रशिक्षण शिविर काफी अनुशासन से परिपूर्ण है। शिविर के प्रारंभ पूर्व मंत्री, सांसद, विधायक किसी को मोबाइल फोन ले जाने और उसका उपयोग करने की इजाजत नहीं दी गई। मोबाइल फोन एक जगह जमा करना सुनिश्चित किया गया था, इसके बाद ही चिंतन व प्रशिक्षण शिविर में सभी शामिल हुए। शिविर स्थल पर व्यापक तैयारियां की गई है। भाजपा के आम कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों को भी चिंतन शिविर और प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने की इजाजत नहीं दी गई है। दिग्गज नेताओं का भाजपा के कार्यकर्ताओं ने बाहर ही मन भरके स्वागत किया और इनके आगे-पीछे होते रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ट्रेन से पहुंचे अंबिकापुर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर से रेल मार्ग से सोमवार को सुबह अंबिकापुर पहुंचे। यात्रा के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी इनके साथ मौजूद रहे। अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में आईजी सरगुजा दीपक कुमार झा, कलेक्टर विलास भोसकर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमेशा की तरह रेल की यह यात्रा बड़ी शानदार रही और स्मृतियों में दर्ज हो गई। मुख्यमंत्री का सरल, सहज व्यवहार यात्रियों व रेल कर्मचारियों को भी खूब भाया। मुख्यमंत्री ने सभी रेल कर्मचारियों का उनकी सेवाओं के लिए आभार जताया।
मैनपाट क्षेत्र में शुष्क दिवस घोषित
कलेक्टर विलास भोसकर द्वारा छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 24 (1) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए मैनपाट क्षेत्र के रोपाखार में शुष्क दिवस घोषित किया है। यह निर्णय केन्द्र एवं राज्य स्तरीय अति विशिष्ट अतिथियों के आगमन के मद्देनज़र कानून व्यवस्था एवं लोक शांति बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। जारी आदेशानुसार 7 एवं 8 जुलाई को पूरे दिन और 9 जुलाई को दोपहर 2 बजे तक रोपाखार मैनपाट में संचालित एफ.एल.-1 घ कम्पोजिट विदेशी मदिरा दुकान पूर्णत: बंद रहेंगी। इस अवधि में मदिरा का विक्रय, परिवहन एवं परोसना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। उल्लंघन की स्थिति में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Categorized in: