निजी कंपनी में क्षेत्रीय प्रबंधक के पद पर था कार्यरत, हालिया ठिकाना था रायपुर

अंबिकापुर। शहर के एक होटल में मध्य प्रदेश के एक युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। गुरूवार को स्वजनों के मौजूदगी में कमरे के दरवाजे को तोड़कर युवक के शव को फांसी के फंदे से उतारा गया। माना जा रहा है कि युवक ने डिपे्रशन में आकर ऐसा कदम उठाया होगा।
जानकारी के मुताबिक मो. इरफान पिता मो. इब्राहिम 28 वर्ष, मुख्य बाजार हरदुली, जबलपुर मध्य प्रदेश का रहने वाला था, जो नेक्स्ट केयर कंपनी में क्षेत्रीय प्रबंधक का काम करता था, और हाल में रायपुर में ही रह रहा था। 25 मार्च को वह दुर्ग-अंबिकापुर ट्रेन से अंबिकापुर आने के बाद सुबह करीब 9.18 बजे ब्रम्ह रोड से लगे एक होटल में कक्ष क्रमांक 109 में रूका था। ट्रेन से आते वक्त उसकी मुलाकात एक परिचित से हुई थी। शाम को वह अपने परिचित दोस्तों के साथ होटल में रात करीब 8.30 बजे खाना खाया था। इस बीच दोस्तों को भी ऐसा प्रतीत नहीं हुआ कि उनके जाने के बाद इरफान आत्मघाती कदम उठाएगा। बुधवार की रात को इरफान के मोबाइल में उसका भाई अदनान कई बार कॉल किया, लेकिन कोई प्रत्युत्तर नहीं मिला। फोन नहीं उठाने पर अदनान अपने भाई के दोस्त कुणाल से संपर्क किया, तो वह बताया कि इरफान होटल में रूका है। इसके बाद अदनान होटल के रिसेप्शन में संपर्क करके भाई के द्वारा मोबाइल फोन नहीं उठाने की जानकारी देते हुए बात कराने के लिए कहा था। होटल के कर्मचारी कमरा नंबर 109 में पहुंचे और दरवाजा खुलवाने का कोशिश किए लेकिन अंदर से किसी प्रकार की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। काफी आवाज लगाने और खटखटाने पर भी जब दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने इसकी जानकारी होटल के मैनेजर को दी। मैनेजर ने डॉयल 112 में कॉल करके इसकी सूचना दी थी। मौके पर पुलिस पहुंची, रोशनदान से देखने पर युवक का शव चादर के सहारे पंखे में झूलता नजर आया। देर रात ही स्वजन को अंबिकापुर आने के लिए कहा गया। गुरूवार को इनकी मौजूदगी में फांसी के फंदे में झूल रहे शव को उतारकर कोतवाली थाना पुलिस ने मौका पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया। युवक पूर्व में भी अपने कारोबार को लेकर अंबिकापुर आने के दौरान उक्त होटल में रूकता था। जबलपुर से पहुंचे स्वजन पुत्र का शव फांसी के फंदे पर लटकते देख रो पड़े। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया है, और अग्रिम जांच कर रही है।

राशन के लिए भेजा रुपये, मां से किया बात
मृतक इरफान के स्वजन गुरूवार को अंबिकापुर पहुंचे। जवान लड़के का शव फांसी पर लटकते देख पिता, भाई सभी रो पड़े। इस दौरान सामने आया कि युवक स्वयं के उपयोग के लिए लाए गए चादर के सहारे फांसी पर लटका था। बताया जा रहा है कि युवक रात में अपनी मां से बात किया था और बताया था कि राशन सामग्री खरीदने के लिए वह कुछ रुपये भेजा है। मां से बात और दोस्तों के साथ खाना खाने के बाद वह किन परिस्थितियों में फांसी लगाकर खुदकुशी किया, यह रहस्य बनकर रह गया है। पुलिस मान रही है कि युवक काम के दबाव, या कंपनी का टारगेट पूरा नहीं कर पाने की चिंता में ऐसा कदम उठाया होगा। मृतक के मोबाइल फोन को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। मोबाइल फोन लॉक होने के कारण युवक की अंतिम में किससे बात हुई, यह अस्पष्ट है।

Categorized in: