सर्जिकल वार्ड की ओर जाने वाले मार्ग में दीवारों का दाग-धब्बा साफ कर रही थी
घायल कर्मचारी का चल रहा उपचार, एमएस ने लिया स्थिति का जायजा

अंबिकापुर। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के भवन का मेंटनेंस कार्य तो समय-समय पर अस्पताल प्रबंधन कराता है लेकिन भवन के कई कमजोर हिस्से बारिश के मौसम में कब किसके लिए खतरा साबित होगा, कहना मुश्किल है। सोमवार को सर्जिकल वार्ड की गैलरी में दीवारों के दाग-धब्बे की सफाई कर रही महिला कर्मचारी पर खिड़की के छज्जे का स्लैब गिर गया, जिसमें उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। इसकी सूचना जैसे ही अन्य कर्मचारियों को मिली, वे उसे आपातकालीन ओटी में लेकर पहुंचे, यहां टांका लगाने के बाद उसकी मरहम-पट्टी की गई। इसकी सूचना मिलने पर अस्पताल अधीक्षक डॉ.आरसी आर्या, डॉ.विकास पांडेय सहित अन्य ने उस स्थल का जायजा लिया, जहां खिड़की से छज्जे का मलबा सफाई के दौरान वार्ड आया शर्मीली के सिर में गिरा था। इसके बाद उन्होंने आपातकालीन ओटी में बेड पर लेटी वार्ड आया के स्वास्थ्य की जानकारी नर्सों से ली। उन्होंने आहत महिला कर्मचारी को भर्ती करके आवश्यक जांच कराने और उपचार सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बता दें कि अस्पताल के भवन का मेंटनेंस कार्य जोर-शोर से एक हिस्से में कराया गया है, वहीं पुराने अस्पताल भवन के बड़े भाग में कब छत से स्लैब गिर जाए, कहना मुश्किल रहता है। कई बार छतों से स्लैब गिरने का मामला सामने आ चुका है। इस बाद खिड़की के छज्जे के स्लैब गिरने से महिला कर्मचारी के चोटिल होना सामने आया है।

Categorized in: