कनिष्ठ अभियंता ने पुलिस से की लिखित शिकायत, घटना का वीडियो भी वायरल हुआ

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के पुलिस चौकी रघुनाथनगर अंतर्गत ग्राम असकला में शासकीय कर्तव्यों का निर्वहन करने के दौरान बिजली विभाग के लाइनमैन के साथ गाली-गलौज और मारपीट से माहौल गरमा गया। विभागीय कर्मचारियों ने काम बंद करके घटना के प्रति आक्रोश जताया। कनिष्ठ अभियंता विद्युत वितरण केंद्र लमगांव ने लिखित में घटना की जानकारी पुलिस को दी है। वहीं उभय पक्ष के लोग लाइनमैन के द्वारा गांव के लोगों को अनावश्यक परेशान करने से आए दिन विवाद की स्थिति बनने का आरोप लगा रहे हैं, हालांकि यह कितना पुष्ट है यह तो जांच के बाद ही सामने आ पाएगा। घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति कुछ लोगों के साथ गाली-गलौज करते स्पष्ट नजर आ रहा है, जो बिजली विभाग के कर्मचारी हैं। घटना से गहमागहमी की स्थिति बनी हुई है।
विद्युत वितरण केेंद्र के कनिष्ठ अभियंता ने रघुनाथपुर पुलिस चौकी में लिखित में जानकारी दी है कि 18 दिसंबर को विभाग के सहायक लाइनमैन गौतम पैकरा, जो अनुसूचित जनजाति वर्ग से आते हैं, सहित अन्य स्टाफ ग्राम असकला में शासकीय कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे थे। इसी दौरान रवि शंकर यादव एवं उनके साथियों द्वारा पूर्व में किए गए लाइन डिस्कनेक्शन के कार्य को लेकर उनके कर्मचारियों के साथ गालीगलौज करते हुए मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और मारपीट की गई। इनका यह कृत्य शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए शासकीय कर्मचारी के साथ मारपीट, अनुसूचित जनजाति के कर्मचारी के प्रति अत्याचार निवारण अधिनियम जैसे गंभीर अपराधों के अंतर्गत आता है। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के विरूद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है, ताकि शासकीय कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न होने पाए। घटना को लेकर बिजली विभाग के कर्मचारियों में आक्रोश है, और वे किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं होने पर बड़ा कदम उठा सकते हैं। घटनाक्रम से जिला व पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को भी पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया है। बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता के द्वारा की गई लिखित शिकायत के बाद रवि शंकर यादव व अन्य ग्रामीणों के थाना पहुंचने की बातें सामने आ रही है।

Categorized in: