सोने-चांदी का मटका गड़ा होने और टोना-टोटका से मुक्ति का दिया था झांसा

अंबिकापुर। बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम सेदम माझापारा में घर के अंदर गड़ा सोना-चांदी निकालने और लड़की को जादू-टोना से मुक्त कर देने का झांसा देकर 13 लाख रुपये नकद, जेवरात और दो मोबाइल की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। ठगी का एहसास होने पर खेती-किसानी करके जीवकोपार्जन करने वाला ग्रामीण थाने पहुंच कर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराया है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम सेदम माझापारा निवासी महेन्द्र सिंह पिता सुखसेन पैकरा अपने माता-पिता, पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता है, और खेती-बाड़ी करके जीवन यापन करता है। उसके घर में नासिक के एक साधु के वेश में पहुंचे पंडित का आना-जाना होता था, जिन्होंने अपना नाम सूरज तिवारी बताया था। माह अक्टूबर 2025 से घर में आना-जाना कर रहे पंडित ने घर के अंदर गड़ा सोना होने व लड़की पर जादू-टोना होने की बात कही और उसे ठीक कर देने का प्रलोभन देकर एक गड्ढा खोदवाया और उसमें पांच नग नारियल डालकर मिट्टी से पाट दिया। यहां रोज सुबह-शाम दिया तब तक जलाने के लिए कहा, जब तक 13 लाख रुपये की व्यवस्था नहीं हो जाती है। पंडित ने 13 लाख रुपये जमा हो जाने पर रायपुर आकर दवा ले जाने के लिए कहा था।
करोड़ों के सोना-चांदी का किया दावा
13 लाख रुपये तिल-तिल जमा करके दोनों पति-पत्नि रायपुर गए और उसके मोबाइल पर फोन किए तो पंडित ने इन्हें बस स्टैंड आने के लिए कहा। यहां सूरज तिवारी की दंपती से मुलाकात हुई और वह इनसे 13 लाख रुपये और साथ में रखे दो मोबाइल फोन, चांदी का पायल 3 नग, सोने का कान का बाली एक जोड़ी लेकर कथित दवा का एक डिब्बा थमा दिया। पंडित सूरज तिवारी ने इनसे जिस गड्ढे में नारियल गाड़ा गया था, उसके ऊपर दवा को डालने के लिए कहा था। पंडित इन्हें आश्वस्त किया कि उनके घर आकर वह गड्ढे को खोदकर सोना-चांदी का मटका निकालेगा, जो ग्यारह करोड़ का होगा। इसे खरीदने के लिए दिल्ली से खरीददार को लेकर आने का झांसा दिया था।
घर वापस आते तक मोबाइल हुआ बंद
पंडित को 13 लाख रुपये थमाकर और दवा का डिब्बा लेकर दोनों पति-पत्नि रायपुर से सेदम आ गए। घर आने के बाद जब उन्होंने सूरज तिवारी को मोबाइल फोन पर कॉल किया तो मोबाइल स्विच ऑफ बता रहा था, इसके बाद वे लगातार उससे संपर्क करने का प्रयास करते रहे, लेकिन जालसाज से मोबाइल फोन पर संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि पंडित के वेश में आया ठग इन्हें करोड़ों रुपये का सोना-चांदी का मटका गड़े होने का झांसा देकर 13 लाख रुपये की ठगी कर लिया है। इसके बाद दंपती पुलिस के समक्ष पूरी दास्तान कह सुनाए। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है, और अग्रिम विवेचना कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: