होटल प्रबंधक की संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने की कार्रवाई

अंबिकापुर। अनैतिक व्यापार होने के मामले में पुलिस ने अग्रिम जांच, कार्रवाई जारी रखते हुए एक महिला सहित होटल के मैनेजर एवं कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। बीते 10 नवम्बर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आकाशवाणी चौक के पास एक घर में युवक-युवतियों से अवैध रूप से वेश्यावृत्ति कराई जा रही है। सूचना के सत्यता की जांच उपरांत महिला थाना अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 17/2025, धारा 3, 4, 5, 7 अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम 1956 का अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने विवेचना में लिया और एक मकान से महिला आरोपी को गिरफ्तार किया था। महिला के विरुद्ध अपराध पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई करते हुए 10 नवम्बर को ही उसे गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही थी। विवेचना दौरान सामने आया था कि पूर्व में गिरफ्तार महिला का पति सुनील कुमार भी अपराध में सहयोगी है। महिला ग्राहक ढूंढती है, इसके बाद उसका साथी हेमंत दास देह व्यापार के लिए लड़कियों को ग्राहक तक लाने-ले जाने का काम करता है। प्राप्त सूचना ने आधार पर पुलिस टीम ने आरोपियों संभावित ठिकानों पर दबिश दी और 13 दिसम्बर को आरोपी सुनील कुमार पिता कमला साव 40 वर्ष, निवासी मयापुर, हेमंत दास पिता स्व. राजेश दास 33 वर्ष, निवासी तेलसखरिया, थाना दरिमा एवं एक अन्य महिला को 14 दिसम्बर को अंबिकापुर स्थित एक मकान से गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। जांच में लगी पुलिस ने 19 दिसम्बर को पुन: मिली एक सूचना को गंभीरता से लिया और जांच में पाए सबूतों की तस्दीक करते हुए अर्बन चौपाटी के पास स्थित आर्यन होटल के मैनेजर एवं कर्मचारियों से पूछताछ किया। यहां एक महिला सहित आर्यन होटल का वर्तमान मैनेजर मौजी लाल जायसवाल पिता जगदेव प्रसाद जायसवाल 53 वर्ष, निवासी पटेहरा सिरमौर थाना अथरैला जिला रीवा मध्य प्रदेश एवं होटल का कर्मचारी एकलव्य पैकरा पिता जनार्दन राम पैकरा 22 वर्ष, निवासी ग्राम जिगनिया थाना कुसमी जिला बलरामपुर व एक महिला की भी अनैतिक कार्य में संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

 

Categorized in: