पुलिस को गिरोह के अन्य लोगों की तलाश, पूर्व मेें पुलिस ने बरामद किया है घटना में प्रयुक्त कार  

अंबिकापुर। एटीएम बदलकर ठगी करने के मामले में मणिपुर थाना एवं साइबर सेल पुलिस ने अंतर्राज्यीय आरोपी को राजथल हरियाणा से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 20 हजार रुपये नगद एवं घटना में प्रयुक्त मोबाइल बरामद किया गया है। मामले में पूर्व में घटना में प्रयुक्त कार को पुलिस ने बरामद कर लिया था। अन्य फरार आरोपियों के तलाश में पुलिस लगी है। आरोपी ठगी के मामलों में पेशेवर हैं। आरोपी घूम-घूमकर ठगी की घटना को अंजाम देते आ रहे थे।

जानकारी के मुताबिक दुर्गावती तिग्गा निवासी सर्कस ग्राउंड मनेन्द्रगढ़ जिला एमसीबी ने 21 मई को थाना मणीपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 18 मई को वह अपने पति के साथ बिलासपुर चौक के एसबीआई एटीएम में पैसा निकालने गई थी। एटीएम से 10 हजार रुपये नगद निकालने के बाद पीछे खड़े अज्ञात व्यक्ति ने ट्रांजेक्शन के बीच में टोककर मोबाइल में ओटीपी आने की बात कहकर उनका ध्यान भटकाया और मौका पाकर एटीएम को बदलकर दूसरा एटीएम थमा दिया था। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से महिला के खाते से एक लाख चार हजार रुपये की ठगी कर ली थी। रिपोर्ट पर थाना मणीपुर में धारा 420, 34 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस विवेचना में लगी थी। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया। घटना के दौरान संदिग्ध बलेनो कार एचआर 86 बी 0528 का उपयोग आरोपियों के द्वारा किया जाना पाया गया। घटना में प्रयुक्त वाहन एवं आरोपियों के संबंध में साइबर सेल से तकनीकि जानकारी प्राप्त कर आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पूर्व में पुलिस टीम को राजथल हरियाणा भेजा गया था, यहां से पुलिस टीम ने घटना में प्रयुक्त वाहन बलेनो कार जप्त किया था। मामले के आरोपी घटना दिनांक से लगातार फरार चल रहे थे। पुन: आरोपियों के संबंध में अन्य तकनीकि जानकारी प्राप्त कर आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम राजथल हरियाणा रवाना हुई और आरोपी सुरेश उर्फ कबिरा पिता प्रह्लाद सिंह 32 वर्ष निवासी राजथल थाना नारनौद जिला हॉसी हरियाणा को घेराबंदी करके पकड़ी। आरोपी ने घटना के संबंध में पूछताछ करने पर अपने साथी के साथ मिलकर एटीएम बदलकर ठगी करने की घटना में शामिल होना स्वीकार किया गया। पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से नगद 20 हजार रुपये एवं घटना के दौरान प्रयुक्त मोबाइल जप्त किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया गया है। आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वे घूम-घूमकर ठगी की घटना को अंजाम देते थे। इसी क्रम में अंबिकापुर आकर प्रार्थिया से उन्होंने ठगी की घटना कारित की थी। पुलिस ने बताया आरोपी काफी पेशेवर किस्म का अपराधी है। इनके द्वारा इस प्रकार की घटना को लगातार अंजाम दिया जा रहा है। कार्रवाई में मणिपुर थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश्वरी चौबे, उप निरीक्षक प्रेम सागर खुटिया, सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, प्रधान आरक्षक गणेश कदम, आरक्षक अतुल शर्मा, राहुल सिंह, अशोक यादव शामिल रहे।
हो सकता है ठगी का बड़ा पर्दाफास
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि दिगर जिले या राज्य में इस प्रकार की घटना हुई हो, तो उक्त आरोपी से प्रकरण के संबंध में पूछताछ में ठगी का पर्दाफास हो सकता है।

Categorized in: