रामगढ़ पहाड़ी में स्थित मंदिर में दर्शन के लिए गई थी बालिका
उदयपुर। बंदरों के डर से 7 वर्षीय मासूम बालिका रामगढ़ में 200 फिट गहरी खाई में गिर गई, जिससे अफरातफरी की स्थिति बन गई।
रामगढ़ पहाड़ी पर स्थित राम मंदिर में दर्शन के लिए नव्या साहू पिता मिथलेश साहू, निवासी प्रेमनगर रघुनाथपुर अपने स्वजन के साथ आई थी। राम मंदिर में दर्शन करने के बाद जानकी तालाब के पास वह घूमने गई थी, उसी वक्त बंदरों के हमले से डरी बालिका भागने लगी और पैर फिसलने से 200 फीट गहरी खाई में गिर गई। 200 फीट गहराई में जाने के बाद एक पेड़ में बच्ची अटक गई थी। इतनी ऊंचाई से गिरने पर बच्ची का बांया पैर टूट गया और शरीर में कुछ खरोच भी आई है।
रेस्क्यू कर बच्ची की बचाई गई जान
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और वन विभाग की टीम, समिति के सदस्यों ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। रामगढ़ के बैगा अशोक कुमार वरकड़े रस्सी के सहारे किसी तरह बच्ची तक पहुंचे और उसे अपनी देख-रेख में ले लिए। इसके तुरंत बाद पुलिस और वन विभाग का अमला रस्सा और चैन कुली लेकर मौके पर पहुंचा, इसके बाद बच्ची का सफल रेस्क्यू किया गया।
रेस्क्यू टीम में ये रहे शामिल
रेस्क्यू टीम में पुलिस विभाग से एसआई आभास मिंज, अजय शर्मा, वन विभाग से साहिश कपूर, अमर नाथ रजवाड़े, समिति अध्यक्ष मंगल दास, विकास यादव, हिमाचल बंजारा, परमेश्वर दास, दीनानाथ यादव, मधु, शिवमंगल, कुंजल, सुबरन रजवाड़े, जावेद खान, अंकित यादव, हरपाल सिंह, सहित सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल रहे।

Categorized in: