अम्बिकेश गुप्ता/कुसमी-शंकरगढ़। सरकार भले ही विकास के तमाम दावे कर ले लेकिन इस खबर के बाद विकास के दावों की पोल खुलती हुई नजर आएगी.आजादी के वर्षों बाद भी छत्तीसगढ़ राज्य के जिला बलरामपुर अंतर्गत विकास खंड शंकरगढ़ में एक ऐसा गांव हैं. जहां आज तक बिजली नहीं पहुंची है।

बलरामपुर जिला में शंकरगढ़ विकासखण्ड के जरहाडीह में कचरा पारा गांव है. इस गांव में करीब 15 घर हैं. और यहां करीब 200 की आबादी है. जरहाडीह का कचरा पारा गांव शंकरगढ़ विकास खण्ड मुख्यालय से महज 15 किलोमीटर की दूरी पर बसा है. गांव तक पहुंचने का रास्ता भी है, लेकिन ग्रामीण आज भी प्रशासनिक व राजनीतिक उदासीनता की मार झेल रहे हैं।

लॉक डाउन के दौरान घरों में रहते वक्त हम और आप मिनट भर बिजली के गुल हो जाने से परेशान हो जाते हैं तो जरा सोचिए आजादी के बाद से जिस घरों में बिजली ही नहीं पहुंची है वहां के लोगों का क्या हाल होगा, ग्रामीणों का कहना है कि कई बार इसकी शिकायत अधिकारियों से की गई नेताओं से की गई लेकिन कोई भी हल इस समस्या का नहीं निकला है.बिजली के साथ-साथ कचरा पारा मोहल्ला के ग्रामीणों की समस्या पानी और सड़कों को लेकर भी है या यूं कहें कि मूलभूत सुविधाओं से आज भी यह मोहल्ला पिछड़ा हुआ है।

मामले में कुसमी एसडीएम दीपक निकुंज का कहना है कि मीडिया के माध्यम से ही यह जानकारी सामने आई है. विद्युत विभाग तथा क्रेडा विभाग को अवगत कराया गया है.
वहीं इस मामले पर शंकरगढ़ जेई शांति प्रकाश ने अनविघ्यता जाहिर करते हुए गोल मोल जवाब देकर कहा ग्रामीणों ने आज तक समस्या बताई नहीं है अब पता चला है निराकरण किया जाएगा.

जरहाडीह के कचरा पारा गांव के रहवासियों में दयाराम, मोहन राम, उर्मिला, मनसु राम ने बताया कि लॉकडाउन में जहां शहर के लोग टीवी पर रामायण देख रहे हैं और मोबाइल चला रहे हैं, उनके गांव में तो अभी तक बिजली ही नहीं पहुंची है। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि उनका उम्र कचरापारा में बीत गया लेकिन बिजली की एक किरण भी गांव में नहीं पहुंची आज भी ग्रामीण प्रशासनिक उदासीनता के कारण लालटेन युग में जीने को मजबूर हैं।

क्षेत्रीय सांसद व विधायक ने कहा..

इस मामलें में केंद्रीय मंत्री व सरगुजा सांसद रेणुका सिंह ने कहा बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से चर्चा कर लॉक डाउन खोलने के बाद बिजली लगाने का कार्य शुरू कराया जाएगा. बरसात के पहले बिजली लग जाएगी. इस जानकरी के लिए उन्होंने मीडिया को धन्यवाद भी ज्ञापित किया.

वहीं क्षेत्रीय विधायक चिंतामणि महाराज ने कहा मेरी संबंधित विभाग के अधिकारियों से बात हुई हैं. मुख्यमंत्री मंझरा टोला योजना अंतर्गत कार्य किया जाएगा. यह जानकारी मीडिया के माध्यम से ही ज्ञात हुई हैं।

Categorized in: