पश्चिमी विक्षोभ व झारखंड में बने चक्रवात के कारण मौसम का बदला है मिजाज
अंबिकापुर। सरगुजा संभाग में पिछले दो दिनों से पश्चिमी विक्षोभ व झारखंड में बने चक्रवात के कारण मौसम खराब है। बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। शुक्रवार की दोपहर हुई झमाझम बारिश व ओलावृष्टि के बाद देर रात में भी बादल की गरज और बिजली की कड़क के साथ जमकर हुई ओलावृष्टि ने सामान्य जनों के साथ ही किसानों की नींद उड़ा दी। रात 10 बजे के बाद से ही तेज हवा के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई थी। ओलावृष्टि के कारण महुआ, आम और सब्जी के साथ अन्य फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है, वहीं अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। शनिवार को सुबह धूप निकलने से लोग राहत महसूस किए। वहीं शाम को 5 बजे के बाद पुन: बादलों की दूर से आती गरज की आवाज व आंशिक बूंदाबांदी के बीच चल रही हवाओं से मौसम के बदलने का संकेत मिल रहा था।
सरगुजा संभाग में गुरुवार से ही मौसम करवट ले लिया था। शुक्रवार को बलरामपुर, सरगुजा सहित अन्य जिलों में भारी बारिश के साथ जमकर ओले भी गिरे। बलरामपुर जिले के सामरी, शंकरगढ़ और सरगुजा जिले के मैनपाट, उदयपुर सहित अंबिकापुर में देर रात झमाझम बारिश व ओलावृष्टि हुई। ओलावृष्टि से गेहूं, चना, अरहर सहित सब्जी फसलों, वहीं तेज हवा के साथ बारिश व ओलावृष्टि से आम, कटहल, महुआ व लिची को भी नुकसान पहुंचा है। बेमौसम बारिश से हुए फसलों के नुकसान को लेकर किसान वर्ग चिंतित हैं। किसानों का कहना है कि महंगे खाद-बीज लेकर खेती करने के बाद उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा है। बेमौसम बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है, इन्हें कर्ज में डूबने की चिंता सता रही है।
कई क्षेत्रों में बनी ब्लैकआउट की स्थिति
आंधी के साथ झमाझम बारिश व ओलाव्ष्टि से रेण नदी सहित अन्य नदियां उफान पर आ गई हंै, वहीं कई जगहों पर तार टूटने व बिजली के खंभों के गिरने से घंटों ब्लैकआउट की स्थिति बन गई। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति काफी देर तक बाधित रहने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। उदयपुर की बात करें तो शुक्रवार की रात से शनिवार की सुबह तक बिजली गुल रही, जिससे रोजमर्रा के कार्यों में लोगों को काफी दिक्कतें आई।
अंबिकापुर में 24 घंटे में 26.5 मिमी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार की दोपहर व रात में हुई झमाझम बारिश के बाद अंबिकापुर में 24 घंटे में कुल 26.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है। बारिश के साथ ओले पड़ने से अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान गिरकर 15 डिग्री पहुंच गया है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया है।

Categorized in: