अंबिकापुर। बलरामपुर जिला के रघुनाथपुर थाना अंतर्गत बीते 28 फरवरी को वाहन चेकिंग के दौरान धान लोड ट्रकों को लॉक करके चालक भाग गए। इसके बाद ट्रक मौके पर ही खड़ी थी। 02 मार्च को अचानक ट्रक गायब हो गई। पंजीयन नंबर के आधार पर पुलिस ट्रक मालिक के घर पहुंची तो यहां पुलिस टीम को गालीगलौज, भयादोहन करते हुए धक्का-मुक्की और तमाम धमकियों का सामना करना पड़ा। घटना की रिपोर्ट आरक्षक ने थाना में दर्ज कराई है, जिस पर केस दर्ज करके पुलिस अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
रघुनाथपुर थाना के आरक्षक टेकचन वर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराया है कि 28 फरवरी की रात को वे वाहन चेकिंग के साथ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई कर रहे थे। इस दौरान थाना प्रभारी के द्वारा चेकिंग हेतु दो ट्रकों को रोका गया था, जिसमें धान लोड था। धान के दस्तावेज के संबंध में पूछताछ करने पर दोनों ट्रक क्रमांक सीजी 07 सीए 7718 एवं सीजी 10 बीएम 4650 के चालक बिना दस्तावेज प्रस्तुत किए अपने ट्रकों को लॉक करके सड़क किनारे छोड़ दिए और चाबी लेकर वहां से चले गए। ट्रक में लोड धान के अवैध होने की आशंका पर वैधता की जांच हेतु थाना प्रभारी रघुनाथनगर द्वारा मोबाइल फोन से तहसीलदार, एसडीएम एवं खाद्य निरीक्षक को सूचना दी गई थी। मौके पर तहसीलदार रघुनाथनगर आए किन्तु ट्रकों को लॉक करके ड्रायवरों के भाग जाने के कारण जांच नहीं हो पाई। दोनों ट्रक थाना के सामने रोड के किनारे ही खड़ी थी। 02 मार्च को यहां ट्रकें खड़ी नहीं मिलने पर वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन एवं उसके स्वामी के तलाश में पुलिस जुटी और संबंधित ट्रकों की तस्दीकी के लिए थाना प्रभारी रघुनाथनगर, निरीक्षक जितेन्द्र जायसवाल अपने स्टाफ सहायक उपनिरीक्षक ललित एक्का, आरक्षक मनोज गुप्ता व पुलिस चैकी रेवटी से एक आरक्षक को साथ लेकर 02 मार्च को ही लगभग 11.50 बजे ट्रक क्रमांक सीजी 07 सीए 7718 के स्वामी राजेश गुप्ता के चांचीडाड, रामपुर स्थित घर के पास पहुंच गए। यहां घर के बगल में उक्त ट्रक खड़ी थी, जिसे उन्होंने वाहन चेकिंग के दौरान रघुनाथनगर थाना के सामने रोका था। ट्रक के संबंध में पूछताछ करने के लिए जब वे राजेश गुप्ता को आवाज लगाए तो उनके घर से एक लड़का निकलकर बाहर आया, जो अपना नाम राधेश्याम गुप्ता बताया। ट्रक के संबध में पूछताछ करने पर वह गालीगलौज करते हुए भाग जाने और जान से मारकर गाड़ देने की धमकी देने लगा। थाना प्रभारी सहित अन्य उसे समझाने की कोशिश किए लेकिन आक्रोशित होकर वह सभी के साथ गालीगलौज करते हुए नहीं जाने पर ट्रक से कुचलकर मार देने की बातें कहने लगा। धमकी देने लगा। बोलकर धमकी देने लगा। जब उससे रेवटी पुलिस चैकी चलने कहा गया तो वह और भी आवेशित हो गया और शासकीय कर्तव्य निर्वहन के दौरान इनसे धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट पर उतारू हो गया। इसकी सूचना चैकी प्रभारी रेवटी को दी गई। इनके आने से पहले राधेश्याम गुप्ता वहां से भाग गया। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।

Categorized in: