ब्यूरो कार्यालय बलरामपुर

बलरामपुर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों के निराकरण की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों तथा आमजनों से प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में कलेक्टर ने अनुभाग, तहसील, जनपद एवं विभागवार लंबित समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही उच्च न्यायालय में लंबित जवाब-प्रस्तुति संबंधी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को प्राप्त आवेदनों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान की तैयारियों समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि सुघर छत्तीसगढ़ अभियान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना है। उन्होंने विभागों को योजनाओं में शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण सुनिश्चित करने, पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें समय पर लाभान्वित करने तथा निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने जिले में खाद की उपलब्धता, भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को आवश्यकता के अनुरूप एवं समय पर उर्वरक उपलब्ध कराया जाए तथा वितरण व्यवस्था की सतत निगरानी सुनिश्चित की करें। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की प्रगति की जानकारी देते हुए लक्ष्य के अनुरूप प्रगति लाने के निर्देश दिए।

आगामी पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने व्यापक प्रचार-प्रसार एवं प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले का कोई भी 0 से 5 वर्ष का बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने समय की पाबंदी एवं जवाबदेही पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि समय-सीमा बैठक प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा का महत्वपूर्ण बैठक है, इसलिए सभी अधिकारी निर्धारित समय पर आवश्यक तथ्यों एवं अद्यतन जानकारी के साथ उपस्थित हों। उन्होंने अधिकारियों को अपने विभाग से संबंधित लंबित प्रकरणों एवं योजनाओं की अद्यतन स्थिति के साथ बैठक में उपस्थित होने तथा सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर श्री आर.एस. लाल, श्री चेतन बोरघरिया, श्री प्रमोद गुप्ता, श्री आर. एन. पाण्डेय, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सहित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित थे।

Categorized in: