बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर कस्तुरबा गांधी बालिका आवासीय आश्रम में छात्रावास अधीक्षिका के द्वारा आदिवासी छात्राओं के साथ जातिगत गाली-गलौज, मारपीट और अभद्र व्यवहार करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामले को लेकर छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष बसंत कुजुर के नेतृत्व में समाज के लोगों ने वाड्रफनगर पुलिस चौकी पहुंचकर अधीक्षिका सुषमा जायसवाल के खिलाफ अपराध कायम करने की मांग की है, वहीं स्वजन ने अधीक्षिका पर अमानवीय व्यवहार करने और छात्राओं के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए समाज के द्वारा टीम गठित कर जांच की मांग की गई थी, जिसमें पालकों के बयान के आधार पर अधीक्षिका द्वारा छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार की पुष्टि हुई है। आदिवासी समाज लोगों ने कहा है कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र अपराध दर्ज कर निष्पक्ष जांच नहीं की गई, तो छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने बाध्य होगा। मामले में प्रशासन की ओर से निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की जा रही है। इस दौरान अनिल बियार जिला संयोजक,जोन क्रुस कुम्हारिया जिला महासचिव, जान साय नेताम, कुलदीप तिर्की, महिमा कुजूर, कुंवर विजय सिंह, शिवशंकर सिंह खैरवार अध्यक्ष ब्लॉक रामचंद्रपुर, सुखनाथ मराबी, राजकुमारी जगते एवं समाज के अन्य लोग उपस्थित रहे।

Categorized in: