कलेक्टर ने सभापति एवं अपील सदस्यों को प्रमाणपत्र के साथ दी शुभकामनाएं
अंबिकापुर। कलेक्टर विलास भोसकर की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में नगर पालिक निगम अंबिकापुर के अध्यक्ष एवं अपील समिति के निर्वाचन हेतु प्रथम सम्मेलन का आयोजन किया गया। निर्वाचन प्रक्रिया में नवनिर्वाचित पार्षदों के बीच आपसी सहमति से निर्विरोध अध्यक्ष एवं अपील सदस्यों का चुनाव संपन्न हुआ। कलेक्टर ने निर्वाचित सभापति एवं अपील सदस्यों को विजयी प्रमाण पत्र प्रदाय किया और उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
नगर निगम में लगातार तीसरी बार पार्षद बने हरमिंदर सिंह टिन्नी, मंगलवार को नगर निगम अंबिकापुर के सभापति पद पर निर्विरोध चुने गए। जिला पंचायत के सभाकक्ष में नगर निगम चुनाव पर्यवेक्षक शिवरतन शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं ओबीसी मोर्चा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर, पूर्व जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, प्रदेश कार्य समिति सदस्य हरपाल सिंह भामरा, महापौर मंजूषा भगत और पार्षदों के उपस्थिति में सभापति पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुआ, इस चुनाव में कांग्रेस ने अपना कोई उम्मीदवार नहीं उतारा और हरमिंदर सिंह टिन्नी निर्विरोध नगर निगम अंबिकापुर के सभापति चुन लिए गए। इसके साथ ही अपील समिति के 4 सदस्यों का निर्विरोध चुनाव हुआ। भाजपा ने सुषमा गुप्ता और विकास पांडेय के नाम का प्रस्ताव रखा, वहीं कांग्रेस ने पपिंदर सिंह और गीता प्रजापति का नाम सुझाया, भाजपा और विपक्ष ने इन चारों के नाम पर सहमति जताई और चारों अपील समिति के निर्विरोध सदस्य चुने गए। सभापति चुने जाने के बाद हरमिंदर सिंह टिन्नी का भाजपा नेताओं एवं समर्थकों सहित अन्य ने जबरदस्त स्वागत किया। भाजपा जिला अध्यक्ष भरत सिंह सिसोदिया ने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी के अनुशासन और कार्यशैली का ही परिणाम है कि सभी पार्षदों एवं नेताओं की आपसी सहमति से सभापति पद पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। इस अवसर पर अभिमन्यु गुप्ता, अंबिकेश केशरी, विनोद हर्ष, राजकुमार बंसल, संजय नेता, आलोक दुबे, मुरारी बंसल, निश्चल प्रताप सिंह, निलेश सिंह, अनिल जायसवाल, मनोज कंसारी, दिलीप भसीन के अलावा नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बड़ा जनादेश, समन्वय बनाकर काम करेंगे
निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवनिर्वाचित सभापति हरविंदर टिन्नी ने विपक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बड़ा जनादेश मिला है, वे समन्वय बनाकर नगर के विकास कार्य को सभी के सहयोग से गति देंगे। उन्होंने सभी पार्षद साथियों, भाजपा के नेता, कार्यकर्ता व आम जनता का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि वे सबके विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। सभापति के निर्वाचनपूर्व तक नगर पालिक निगम के प्रशासक, कलेक्टर थे। अब 7 दिवस के अंदर एमआईसी के सदस्यों का गठन किया जाएगा।
जनसंघ के नेता व मीसा बंदी स्व. बालकिशन सिंह के हैं पुत्र
नवनिर्वाचित सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी जनसंघ के नेता व मीसा बंदी स्वर्गीय बालकिशन सिंह के छोटे पुत्र हैं। इनके पिता स्वर्गीय बालकिशन सिंह जनसंघ भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे। 1975 में जब देश आपातकाल का दंश झेल रहा था, उस समय वे मीसा बंदी के रूप में 19 माह जेल में रहे। अंबिकापुर में जन्मे नवनिर्वाचित सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी 2014 से लगातार तीन कार्यकाल से पार्षद निर्वाचित होते आ रहे हैं, शिक्षा में स्नातक होने के साथ-साथ लोकतंत्र सेनानी संघ में मीसा बंदियों के सेवा के लिए आज भी तत्पर रहते हैं। शहर की सबसे प्रतिष्ठित धार्मिक समिति लोकमान्य तिलक बाल गंगाधर स्थापना समिति के तीन बार से लगातार अध्यक्ष रहकर उन्होंने अपनी जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वाह किया।
निर्वाचन के बाद सत्ता पक्ष-विपक्ष एक साथ नजर आए
सभापति का निर्वाचन होने के बाद कलेक्टोरेट परिसर का माहौल बदल गया। जहां एक ओर कलेक्टर परिसर नारों से गूंजते रहा, वहीं निर्विरोध निर्वाचित सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी के जिला पंचायत से बाहर आने का लोग इंतजार कर रहे थे। बड़ी बात यह थी कि सभापति के निर्वाचन के लिए जिन दावेदारों का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा था, उन्होंने ही निर्वाचन के दौरान प्रस्तावक की भूमिका अदा की, जिसे सभी ने बिना किसी राग-द्वेष के स्वीकार किया। विपक्ष ने भी अपने दल के नेता शफी अहमद के साथ शांतिपूर्ण माहौल में खुद की उपस्थिति दर्ज कराई। निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के लोग एक साथ नजर आए, जिससे माहौल बदल गया। महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि विपक्ष के भाई-बहनों के साथ संयुक्त रूप से नगरवासियों के हित में काम करना हम सभी की प्राथमिकता होगी।

Categorized in: