तीन वर्ष पूर्व हुआ था विवाह, संतान नहीं होने पर पति देता था दूसरा विवाह करने का ताना

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नर्मदापुर खालपारा, मैनपाट में बच्चा नहीं होने के कारण पति को दूसरी शादी करने के लिए पत्नी को ताना देना महंगा पड़ा। पति-पत्नी के बीच आए दिन हो रहे विवाद की परिणति कुछ ऐसी रही कि 25 दिसम्बर की रात पत्नी ने टांगी से ताबड़तोड़ वार करके अपने पति की नृशंस हत्या कर दी और मौके से फरार हो गई। पुलिस आरोपी पत्नी के तलाश में लगी है।
स्वजनों ने प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को बताया कि, करीब 3 साल पहले बलिराम मांझी (28) और नईहारो (26) की शादी हुई थी। दोनों के बच्चे नहीं हो रहे थे। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद की स्थिति आए दिन बनते आ रही थी। पति-पत्नी परिवार से अलग घर में रहते थे। बलिराम जेसीबी चलाता था और वो पत्नी से अकसर कहता था कि, वह दूसरा विवाह करेगा। मंगलवार की रात को बलिराम मांझी और उसकी पत्नी नईहारो बाई के बीच नशे के हालत में संभवत: इसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि, नईहारो बाई ने घर में रखे कुल्हाड़ी से पति बलिराम के कनपटी, चेहरे और सिर पर 3-4 बार हमला कर दिया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटनास्थल पर खून काफी मात्रा में बहा था। बुधवार की सुबह गांव में ही रहने वाला रिश्तेदार बिहानू मांझी इनके घर पहुंचा, तो उसने खून से लथपथ बलिराम का शव देखा। इसकी सूचना आसपास के लोगों और कमलेश्वरपुर पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव का मौके पर पंचनामा करने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए रवाना की।
बयान
पति की हत्या करने के बाद पत्नी नईहारो बाई भाग हो गई है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। मृतक के शव के पास ही टांगी रखा था, जिसे कमलेश्वरपुर थाना पुलिस ने बरामद कर लिया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अमोलक सिंह ढिल्लो
एएसपी सरगुजा

Categorized in: