चलती स्कूटी का चाभी निकालकर लूट की घटना को दिया अंजाम
अंबिकापुर। कोतवाली थाना अंतर्गत लुचकी घाट में स्कूटी से अंबिकापुर आ रही डीसीए की छात्रा से मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों के द्वारा स्कूटी और मोबाइल फोन लूटने का मामला प्रकाश में आया है। छात्रा अपने गृहग्राम देवगढ़ से अंबिकापुर लौट रही थी, इस दौरान लुटेरों ने देर रात घटना को अंजाम दिया। रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम देवगढ़ जूनापारा की सुमन भगत पिता ज्योति प्रताप भगत 20 साल, वर्तमान में शहर के गांधीनगर थाना अंतर्गत महावीर अस्पताल के पास विराज बंगाली के यहां किराए के मकान में रहकर डीसीए की पढ़ाई कर रही है। 17 नवम्बर, रविवार को वह अपने घर देवगढ़ गई थी। एक सप्ताह घर में रहने के बाद 23 नवम्बर को रात करीब 8 बजे अपने घर देवगढ़ से स्कूटी टीव्हीएस क्रमांक सीजी 15 ईसी 4324 में अकेले अंबिकापुर आ रही थी। लुचकी घाट के पास रात करीब 10 बजे तीन लड़के मोटरसायकल में उसके आगे-पीछे हो रहे थे। वे चलती हुई स्कूटी के पास अपने वाहन को सटाने लगे। इस दौरान मोटरसायकल में बीच में बैठा लड़का स्कूटी का चाभी निकाल लिया, जिससे स्कूटी बंद हो गई और उसे रूकना पड़ा। इसके बाद वह भयभीत हो गई और अंबिकापुर में रहने वाले अपने दोस्त सिहासन तिर्की को फोन करके घटना की जानकारी दे रही थी, इसी दौरान तीनों लड़के पुन: अपने मोटरसायकल को मोड़कर वापस आए और उसका मोबाइल छीनकर अपने पास रख लिए। वह बचाव के लिए चिल्लाने लगी तो पेचकस हाथ में रखे दो लड़के हाथ-बांह पकड़कर मुंह दबाकर उसे जमीन में पटककर मोबाइल फोन लूट लिए। आरोपी युवक स्कूटी लूटकर मौके से भाग गए। कुछ देर बाद उसके परिचित सिहासन तिर्की व अन्य लड़के पहुंचे, जिन्हें वह घटना की जानकारी दी। छा़त्रा अपने हाथ में लगी चोट का इलाज कराने के बाद थाना पहुंची और लिखित में लूट की घटना से अवगत कराया। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।

Categorized in: