जरही। बिजली का करंट लगने के कारण एक ठेका मजदूर की मृत्यु हो गई। ठेकेदार पर लापरवाही पूर्वक मज़दूरों से कार्य कराने का आरोप लग रहा है, जिसकी जांच भटगांव पुलिस द्वारा की जा रही है।
जानकारी के अनुसार किशुन कुमार पिता राम प्रसाद 20 वर्ष निवासी बिसाही पोड़ी ठेकेदार के अंदर में विद्युत का कार्य 3-4 महीने से कर रहा था। रोज की तरह वह गुरुवार को अपने काम पर गया था। शाम को करीब 6 बजे फोन से किशुन के स्वजनों को सूचना दी गई की किशुन को करंट लग गया है। स्वजन घटनास्थल पहुंचे तो उसे एसईसीएल अस्पताल ले गए थे। एसईसीएल अस्पताल भटगांव में किशुन की मृत्यु हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि किशुन बिजली के पोल पर चढ़कर कार्य करता था। क्षेत्र में ठेकेदार द्वारा विद्युत विस्थापन का कार्य कराया जा रहा है, जिसमें किशुन भी ठेका मजदूर के रूप में कार्य कर रहा था। घटना दिवस भी किशुन कार्य पर गया था। शाम को उसे जोरदार करंट का झटका लगा था। घटना के बाद आरोप लग रहा है कि अकुशल मज़दूरों से सुरक्षा उपकरणों के अभाव में ठेकेदारों द्वारा क्षेत्र में कार्य कराया जाता है, जिससे उनका जीवन खतरे में पड़ रहा है। ऐसे ठेकेदारों पर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटना न हो। मामले की भटगांव पुलिस मर्ग कायम कर विवेचना कर रही है।

Categorized in: