मझगवां व सूरजपुर से 77 क्विंटल धान जप्त

प्रशासन की सक्रियता से बिचौलियों में हड़कंप

सूरजपुर। अवैध रूप से खरीदी केंद्रों में धान खपाने सक्रिय बिचौलियों पर नकेल कसने के लिए जिला प्रशासन की टीम लगातार कार्रवाई करने में लगी हुई है। शिकायत व सूचना पर बगैर देर किए टीम मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर रही है।कलेक्टर एस जयवर्धन के निर्देश पर जिले के सहकारी समितियों में अवैध धान की आवक, रिसाइक्लिंग, कोचियों बिचौलियों द्वारा धान के अवैध विक्रय को रोकने के लिए जिला प्रशासन गंभीरता के साथ सक्रिय है। इससे पूर्व भी जिले में अवैध धान बेचने की फिराक में लगे बिचौलियों पर कार्रवाई के लिए टीमें गठित की गई थी। परंतु कार्रवाई सिर्फ दिखावे तक ही सीमित रही थी। मगर इस बार बिचौलियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर जिला प्रशासन काफी सख्त व गम्भीर है। जिसका असर देखने को भी मिल रहा है और लगातार अवैध धान जप्त किये जा रहे है वहीं धान बेचने की फिराक में लगे कोचियो पर कार्रवाई की जा रही है। शनिवार को प्रशासन की टीम ने दो स्थानों से करीब 77 क्वींटल धान जप्त किया गया है। जिले में हो रही लगातार धान जप्ती की कार्रवाई से इस सीजन में लाखो कमाने का ख्वाब देखने वाले बिचौलिए सकते में है। शनिवार को एसडीएम प्रतापपुर के नेतृत्व में ग्राम मझगवा तहसील प्रतापपुर के राजकुमार यादव पिता रामचंद्र यादव के दुकान में बने गोदाम से धान जब्त किया गया। उक्त गोदाम में 130 बोरियो में भरा करीब 52 क्विंटल पुराना धान पाया गया, जिसे धान खरीदी सोसाइटी में बिक्री की नियत से अवैध भण्डारण किया गया था। पूरे धान को जप्त किया जाकर सरपंच श्रीमती मोहरमनिया के सुपुर्द में दिया गया। यहां हुई कार्रवाई में नायब तहसीलदार, फ़ूड इंस्पेक्टर, हल्का पटवारी, अन्य पटवारीगण एवम सरपंच सयुक्त रूप से शामिल रहे। वहीं दूसरे मामले में सूरजपुर बाजार गली से अवैध धान परिवहन पर बड़ी कार्रवाई की गई। पिकअप क्रमांक सीजी 16 सीएन 3184 से धान का अवैध परिवहन किया जा रहा था। 50 बोरा धान वजन 25 क्विंटल अनुमानित को परिवहन करते पाए जाने पर व्यापारी संदीप साहू, निवासी कुड़ेली जिला कोरिया से छ ग कृषि उपज मंडी अधिनियम के तहत यह धान जप्त कर कोतवाली पुलिस की अभिरक्षा में दिया गया।

Categorized in: