रामानुजगंज(विकाश कुमार केशरी) ग्राम पंचायत भवरमाल में रविवार की दोपहर 1 बजे के करीब रामचंद्रपुर विकासखंड का सबसे बड़े दलको बांध का गेट खुलने के बाद नहर टूट गया। यदि टूटे नहर का मरम्मत जल्द नहीं कराया जाता है तो किसानों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो सकती है। किसानों ने जल संसाधन विभाग से जल्द से जल्द नहर के मरम्मत  करवाए जाने की मांग की है।

गौरतलब है कि सन 2014- 15 में करीब साढे छः करोड़ रुपए लागत से ग्राम पंचायत भंवरमाल में दलको बांध एवं नहर का निर्माण जल संसाधन संभाग क्रमांक 2 रामानुजगंज के द्वारा कराया गया था। बांध एवं नहर के बनने से करीब 600 हेक्टेयर की सिंचाई हो रही है। रविवार की दोपहर 1:00 बजे के करीब बांध का जब गेट खोला गया तब पानी के तेज रफ्तार से आने के कारण बांध से करीब 500 मीटर की दूरी पर बांध का नहर टूट गया। किसान विकास गुप्ता ने बताया कि चौकीदार के द्वारा मनमानी पूर्वक बांध का गेट खोला जाता है वही बांध का लाभ भंवरमाल के किसानों को न मिल सिर्फ नगरा के किसानों को मिल रहा है। गुप्ता ने जल्द नहर के मरम्मत करवाए जाने की मांग की है।

सुलूस गेट का पावर स्लैब भी टूटा- दलको बांध के सुलूस गेट का पावर स्लैब टूट गया है जिससे बांध के अस्तित्व पर ही प्रश्नचिन्ह खड़ा हो रहा है। करोड़ों रुपए खर्च करने के बाद बांध के हेड वर्क कार्य में घोर लापरवाही बरती गई जो इसके निर्माण में किए गए भ्रष्टाचार को स्पष्ट इंगित करता है।

तत्कालीन मुख्यमंत्री ने नहर के पक्कीकरण करने की की थी घोषणा- छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह जब विधानसभा चुनाव के पूर्व ग्राम भवरमाल में आए थे तब विधायक बृहस्पति सिंह की मांग पर उन्होंने दलको बांध के नहर के पक्की करण की घोषणा की थी एवं माइनर नहर की स्वीकृति की घोषणा की थी।परंतु उक्त कार्य आज तक नही हो पाने के कारण ग्रामीणों में निराशा है।

इस संबंध में जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता उमाशंकर राम ने बताया कि दलको बांध के नहर के टूटने की सूचना मिली है मौके का मुआयना करने का निर्देश संबंधित उप अभियंता को दिया जा चुका है जल्द नहर का मरम्मत करवा दिया जाएगा। श्री सिंह ने बताया कि नहर के पक्कीकरण के लिए प्रस्ताव शासन को गया है। स्वीकृति के बाद दलको बांध के नहर का पक्कीकरण कराया जाएगा।    

Categorized in: