बिश्रामपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग महानदी भवन नवा रायपुर अटल नगर द्वारा नगर पंचायत शिवनंदनपुर के गठन की अधिसूचना गत दिनों जारी की गई थी। अधिसूचना जारी होने के बाद कलेक्टर सूरजपुर ने सप्ताह भर बाद शिवनंदनपुर पंचायत के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की टीम को भंग कर दिया गया है। ग्राम पंचायत शिवनंदनपुर भंग होने के पखवाड़े भर बाद भी आज तक सीएमओ की नियुक्ति व अन्य प्रक्रिया पूर्ण नहीं होने से विकास कार्य व आमजन की सुविधाएं नहीं उपलब्ध हो पा रही हैं। गौरतलब है कि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग महानदी भवन नवा रायपुर अटलनगर द्वारा नगर पंचायत शिवनंदनपुर के गठन की अधिसूचना गत दिनों 21 अक्टूबर को जारी की गई थी। अधिसूचना जारी होने के बाद कलेक्टर सूरजपुर द्वारा 28 अक्टूबर को शिवनंदनपुर पंचायत के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की टीम को छग पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 126 की उपधारा (दो) के अंतर्गत ग्राम पंचायत को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया था।कलेक्टर के आदेश के बाद निर्वाचित पंचायत पदाधिकारियों का निर्वाचन भी शून्य होने के बाद यहां नगर पंचायत के संचालन के लिए नई समिति गठन किए जाने की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन आज करीब 20 दिन बीत जाने के बाद भी प्रशासन द्वारा न कोई नई समिति गठित की गई है और न ही नगर पंचायत के काम काज संचालन के लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारी की नियुक्ति की गई है। जिस वजह से पंचायत का सारा कामकाज ठप पड़ा है। कामकाज ठप होने की वजह से स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लोगों का कहना है कि पंचायत बॉडी को समय पूर्व भंग कर दिया गया है तो यहां सीएमओ की तत्काल नियुक्ति कर देनी चाहिए थी, जिससे नगर पंचायत का काम काज का संचालन अनवरत जारी रहता। नगरवासियों की पंचायत संबंधी छोटी बड़ी समस्याएं सामने आती रहती हैं, लेकिन उनका निदान भी नहीं हो पा रहा है।

पंचायत भंग होने के बाद ताला बंदी की स्थिति

शिवनंदनपुर पंचायत भंग होने के बाद यहां सरपंच सहित सभी वार्डपंच ने भी अपना मुंह मोड़ लिया है। जिस वजह से पंचायत भवन में ताला बंदी की स्थिति निर्मित हो गई है। पंचायत भंग होने के बाद सरपंच अपने मूल निवास धान कटवाने चली गई हैं, वहीं अन्य जनप्रतिनिधियों का कहना है कि उन्हें शासन के आदेश का इंतजार है। यहां चुनाव को लेकर भी ऊहापोह की स्थिति निर्मित हो गई है। पंचायत को भंग कर दिया गया है लेकिन अभी मतदाता सूची को दुरुस्त करने वार्डों का नए सिरे से परिसीमन अब तक शुरू नहीं हो सका है और न ही इस संबंध में अब तक कोई आदेश ही आया है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि प्रदेश में होने वाले आगामी निकाय चुनाव के साथ शिवनंदनपुर नगर पंचायत का चुनाव हो इसकी उम्मीद भी न के बराबर है। लोगों ने यहां शासन प्रशासन से मुख्य नगर पालिका अधिकारी के नियुक्ति की मांग की है ताकि पंचायत का कामकाज चलता रहे और आमजन की समस्याओं का समय रहते निराकरण हो सके।

Categorized in: