बलरामपुर। जिला मुख्यालय के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत ओबरी में कुएं में तैरता हुआ एक लड़की का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बलरामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाया। मृतका की पहचान ओबरी पंचायत के चंचला सिंह पिता दिलीप सिंह के रूप में हुई है, जो 6 नवंबर को अपने घर से अचानक लापता हो गई थी। स्वजनों ने इसकी सूचना बलरामपुर थाने में दी थी। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया और लड़की की खोजबीन शुरू कर दी थी। इसी बीच शुक्रवार की सुबह गांव वालों को घर के पीछे बने कुएं में किसी का शव तैरते हुए देखा था। इसकी सूचना मिलने पर बलरामपुर पुलिस घटनास्थल पहुंचकर शव को बाहर निकलवाई। शव की पहचान ग्राम ओबरी के चंचला सिंह के रूप में होने पर पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडे ने बताया है कि पुलिस मामले के सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मृत्यु के कारणों का पता चल सकेगा।

Categorized in: