सीसीटीव्ही में कैद हुए चोर के तलाश में पुलिस जुटी
अंबिकापुर। शातिर चोर सूनसान इलाके में स्थित दुकानों में सेंधमारी व चोरी की वारदात को अंजाम देने में लगा है। इसके द्वारा अभी तक तीन अनाज की दुकानों को टारगेट बनाया गया है। इसी तारतम्य में बुधवार-गुरूवार की दरम्यानी रात दरिमा मोड़ के आगे मुख्य मार्ग में एक गल्ला व्यापारी के दुकान में चोरी की घटना हुई। यहां भी चोर ने दीवार में सेंध लगाकर घटना को अंजाम दिया है। दुकान के एक-एक सामान को खंगालने में उसे करीब एक घंटे लगे और वह 75 हजार रुपये नगद लेकर निकल लिया। दुकान संचालक ने दुकान में रखी डोरी के फल सहित कुछ अन्य अनाज की बोरियों की चोरी का भी संदेह व्यक्त किया है। चोर की करतूत सीसीटीव्ही में कैद हो गई है।
जानकारी के मुताबिक अग्रसेन भवन के सामने रहने वाले आयुष बंसल का महुआ, चावल, मक्का एवं गल्ला का कारोबार है। शहर सीमा में अंबिकापुर-रायगढ़ मुख्य मार्ग से लगा बंसल ट्रेडर्स नामक प्रतिष्ठान का वे संचालन करते हंै। बुधवार को रोजाना की भांति दुकान बंद करके रात लगभग 8 बजे वे घर चले गए थे। गुरूवार को सुबह 8.45 बजे दुकान पहुंचे तो सामने शटर का ताला पूर्ववत बंद था। शटर खोलने के साथ ही उन्हें अंदर स्थित केबिन का पूरा सामान अस्त-व्यस्त नजर आया। काउंटर का दराज, जिसे वे लॉक करके गए थे, उसे खोलकर चोर कागजात सहित अन्य सामानों को बिखेर दिया था। चेहरे को पूरी तरह से ढककर दुकान के पीछे दीवार में सेंध लगाकर प्रवेश किया चोर एक-एक सामानों को खंगालते सीसीटीव्ही में नजर आ रहा है। काउंटर के दराज का सामान बिखेरने के दौरान उसके हाथ नोटों की दो गड्डी लगी, जिसे लेने के बाद वह केबिन व दुकान में रखे बैग अन्य सामानों को उठाते-फेंकते कैद हुआ है। चोरी की घटना को अंजाम देने के दौरान वह अनाज की भारी बोरियों को उठाकर किनारे करते भी दिख रहा है, जिससे पुलिस संभावना व्यक्त कर रही है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला कोई पल्लेदार हो सकता है। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंह परिहार, एएसआई विनय सिंह, स्पेशल टीम के पुलिस अधिकारी विवेक पांडेय दल-बल सहित पहुंचे और सीसीटीव्ही का फुटेज अवलोकन करने के साथ ही उन्होंने चोर के द्वारा आने-जाने में उपयोग किए गए संदिग्ध मार्ग व आसपास रहने वाले कुछ लोगों की तहकीकात की है। पुलिस मामले में अग्रिम जांच, कार्रवाई में जुट गई है।
पल्लेदार पर घूम रही संदेह की सुई
सीसीटीव्ही फुटेज को देखने पर पता चला कि चोर बुधवार-गुरूवार की दरम्यानी रात लगभग सवा एक बजे बंसल ट्रेडर्स में की दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया, इसके बाद सबसे पहले वह दुकान के केबिन में पहुंचा, जहां काउंटर है और लेन-देन, कैस रखा जाता है। शातिर चोर पूरी तरह से चेहरे को ढककर रखा था, ताकि उसकी पहचान आसानी से न होने पाए। चोर को दुकान के काउंटर का लॉक दराज खोलने में पल भर नहीं लगा, इससे संभावना बनी हुई है कि वह ऐसे लॉक को खोलने में माहिर है। चोर के हावभाव को देखने के बाद उसके पल्लेदार होने की संभावना बनी है। पुलिस संदिग्ध पल्लेदारों सहित अन्य के तलाश में जुट गई है।

Categorized in: