अंबिकापुर। शहर से सिलसिलेवार होती दोपहिया की चोरी की कड़ी में चोरों ने कोतवाली थाना क्षेत्र से एक स्कूटी और दो मोटरसाइकिल पार कर दिया। घटना की रिपोर्ट वाहन स्वामियों ने थाने में दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच में लिया है।
जानकारी के मुताबिक राम मंदिर रोड निवासी राजेश कुमार अग्रवाल पिता घनश्याम दास अग्रवाल 57 वर्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराया है कि 12 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे वे अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 सीडब्ल्यू 5660 को लॉक करके अपने घर के सामने गेट के पास खड़ा किए थे। रात करीब 8.15 बजे मोटरसाइकिल नहीं थी। आसपास तलाश के बाद भी मोटरसाइकिल का पता नहीं चला। दो अन्य घटनाओं में गांधीनगर थाना क्षेत्र के भगवानपुर में किराए के मकान में रहकर साईं बाबा कॉलेज में पढ़ाई करने वाले मूलत: कुर्मीपानी थाना सरईपानी जिला महासमुन्द निवासी विनय पटेल ने कोतवाली पुलिस को बताया है कि 11 अक्टूबर को वह सुबह करीब 11 बजे मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 06 जीबी 1646 से महामाया मंदिर गया था। मोटरसाइकिल को महामाया मंदिर के गेट के पास खड़ी करके मंदिर में पूजा करने गया था। दोपहर करीब 1.20 बजे वापस आया तो मोटरसाइकिल खड़ी किए गए स्थान पर नहीं थी। काफी तलाश के बाद भी मोटरसाइकिल का पता नहीं चला। वहीं पुराना बस स्टैंड रोड, दुर्गा बाड़ी के सामने से 11 अक्टूबर को रात करीब 10 बजे चोर स्कूटी लेकर चलते बने। घटना तिथि को कन्हैयालाल अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ चांदनी चौक में बनाए गए दुर्गा पण्डाल में मातारानी का दर्शन करने के लिए होण्डा एक्टिवा क्रमांक सीजी 15 सीएन 1913 से आए थे। स्कूटी को दुर्गा पण्डाल के सामने खड़ी करके माता का दर्शन करने के लिए पत्नी के साथ पंडाल के अंदर गए। कुछ देर बाद वापस लौटे तो स्कूटी नहीं थी। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ के बाद भी स्कूटी का पता नहीं चला। वाहन स्वामियों ने घटना की रिपोर्ट कोतवाली थाना में दर्ज कराई है।

Categorized in: