बहुचर्चित राजमिस्त्री संदीप लकड़ा की हत्या का था आरोपी
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बहुचर्चित संदीप लकड़ा हत्याकांड का मुख्य आरोपी, ठेकेदार अभिषेक पांडेय सोमवार को आत्मसमर्पण करने के लिए जिला एवं सत्र न्यायालय अंबिकापुर पहुंचा। इसकी जानकारी पुलिस को मिली और न्यायालय पहुंची पुलिस ने उसे अपने अभिरक्षा में ले लिया।
बता दें कि सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम उलकिया का राजमिस्त्री संदीप लकड़ा 3 महीने से लापता था। स्वजनों की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट पर पुलिस गुमशुदगी का मामला दर्ज करके जांच में जुटी थी। पुलिस को विवेचना कार्रवाई के बीच गुमशुदा राजमिस्त्री के संबंध में तकनीकि माध्यम से कई जानकारी मिली थी और हत्यारोपियों के निशानदेही पर उसका शव 06 सितंबर को मैनपाट क्षेत्र में नवनिर्मित पानी टंकी की नींव के नीचे दफन मिला था। पुलिस ने पानी टंकी को ध्वस्त करके जेसीबी से खोदाई कराया था और लगभग 15 फीट नीचे दफनाए गए शव को बरामद किया था, जो सड़-गल गया था। इसके बाद पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया, लेकिन मुख्य आरोपी अभिषेक पांडेय फरार था। आईजी ने मुख्य आरोपी पर 30 हजार व एसपी ने 10 हजार रुपये वहीं सर्व आदिवासी समाज ने भी इनाम घोषित किया था। मुख्य आरोपी बीते 06 सितंबर को संदीप लकड़ा का शव मिलने के बाद पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। इसके बाद सरगुजा पुलिस ने उसके सारे बैंक एकाउंट को सीज कर दिया था। साथ ही स्वजन, दोस्तों के फोन को पुलिस ने सर्विलांस पर डालकर रखा था। अभिषेक पांडेय के द्वारा किसी से संपर्क नहीं करने की स्थिति में पुलिस उसका लोकेशन तलाश नहीं पा रही थ्ी। इस बीच अभिषेक के पिता के फोन पर नेपाल से कॉल आया, जिसमें अभिषेक के नेपाल में कब्जे में होने की बात कहते हुए रुपये की मांग की गई थी। इधर पुलिस को अभिषेक पांडेय का अलग-अलग लोकेशन मिल रहा था। इस बीच पुलिस को पता चला कि सूरजपुर निवासी एक जेसीबी संचालक के नियमित संपर्क में वह है, इसके बाद पुलिस ने जेसीबी संचालक को अपने कब्जे में ले लिया था। लगातार बढ़ते दबाव को देखते हुए अभिषेक, सोमवार को अंबिकापुर न्यायालय आत्मसमर्पण करने की नीयत से पहुंचा। यहां उसके आने की सूचना मिली और पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस मुख्य अभियुक्त से हत्याकांड सहित उसके फरार होने के दौरान की गतिविधियों और जघन्य हत्या से संबंधित अन्य पहलुओं पर पूछताछ कर रही है।

Categorized in: