मंदिरों के अलावा पंडालों में भी मातारानी की पूजा के लिए उमड़े श्रद्धालु
अंबिकापुर। शारदीय नवरात्र की नवमी के मौके पर जिले भर के मंदिरों में पूजा, आरती, हवन, कन्याभोज जैसे आयोजन किए गए, इसके साथ ही मां दुर्गा की आराधना के पर्व का समापन हुआ। नवमी के मौके पर शहर में जीभ में बाना भेदकर निकले माता के भक्तों को देखने भीड़ उमड़ी। मायापुर से निकले माता के भक्त शहर के प्रमुख मार्गों से होते मां महामाया मंदिर पहुंचे। यहां से पूजार्चना के बाद इनकी वापसी हुई। माता के भक्तों ने जगह-जगह भंडारा प्रसाद ग्रहण किया, वहीं देर रात तक शहर में विभिन्न स्थलों पर जगराता जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए।
शुक्रवार को सुबह से ही शहर के प्रसिद्ध मां महामाया मंदिर, मां दुर्गा मंदिर गांधी चौक, मां काली मंदिर, मां गायत्री मंदिर, दुर्गा/काली बाड़ी, संत हरकेवल मंदिर सहित अन्य मंदिरों व शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। यहां पूजन, हवन के बाद कन्याभोज कराया गया।
शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष आरती और हवन के लिए श्रद्धालु पहुंचे। पूरे दिन लोग भक्तिभाव में लीन रहे। घरों में भी परिवार के साथ पूजा-अर्चना, हवन भक्तों ने किया और कन्या भोज कराया। इसके साथ ही नौ दिनों तक मां दुर्गा की उपासना का विधि-विधान से समापन हुआ। शनिवार को विजयादशमी पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। इस मौके पर घर-घर में दीप जगमगाएंगे, शहर के कॉलेज मैदान सहित अन्य स्थलों पर भव्य आतिशी नजारा देखने को मिलेगा। शहर में प्रमुख स्थानों देवीगंज रोड, पुराना बस स्टैंड सहित अन्य स्थलों पर भी मां दुर्गे की प्रतिमा स्थापित कर परंपरा अनुसार विधि-विधान से पूजा की गई। बांग्ला समाज सहित अन्य लोगों ने षष्ठी-सप्तमी तिथि से स्थापित मातारानी की परिवार के साथ पहुंच कर पूजा-अर्चना की। नगर से लगे लालमाटी स्थित श्री अवधूत भगवान राम सेवा संस्थान में नौ दिनों तक शारदीय नवरात्र के मौके पर अनुष्ठान चला। नवमी तिथि पर सरगुजा संभाग सहित बनारस, बिहार, झारखंड से भी श्रद्धालु यहां पहुंचे। कन्या भोज का आयोजन हुआ।
कॉलेज मैदान में जलेगा 90 फिट का रावण
सरगुजा सेवा समिति, नागरिक सेवा समिति व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में पीजी कॉलेज मैदान अंबिकापुर में 90 फीट के रावण व 50-50 फिट के मेघनाद व कुम्भकर्ण का दहन शनिवार को किया जाएगा। रावण दहन के कार्यक्रम को लेकर जिले भर में तैयारियां चल रही हैं। रावण दहन से पहले दोपहर 2 बजे से भगवान श्री राम की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पूरी तन्मयता के साथ मुस्लिम परिवार के सदस्यों द्वारा विशाल रावण, मेघनाद और कुम्भकर्ण के पुतले को मूर्तरूप दिया गया है। अंबिकापुर के महामाया रोड में स्थित जावेद बैंड के मो. जावेद बीते 15 वर्षों से पीजी कॉलेज मैदान में रावण दहन की तैयारियां करते आ रहे हैं। अब उनके परिवार के सदस्य भी इस कार्य में सहयोग करते हैं। इनके साथ 6-7 सहयोगी भी विशाल पुतले को तैयार करने में अपना योगदान देते हैं। पुतले का आकर्षक रूप देने के लिए इनके द्वारा एक माह पूर्व से ही तैयारी शुरू कर दी जाती है। हिंदुओं के मुख्य त्योहार में समुदाय विशेष का योगदान अंबिकापुर व सरगुजा वासियों के बीच आपसी सौहार्द्र और भाईचारे का संदेश देता है। भव्य आतिशी प्रदर्शन के लिए तरह-तरह के पटाखे लगाए जाएंगे, जिससे विजयादशमी पर्व को लेकर होने वाले विशाल महोत्सव के दौरान लोगों को रंगीन आतिशी नजारा दूर-दूर तक देखने को मिलेगा। इस बार पिछले साल की तुलना में आतिशी नजारे को और भी भव्य रूप दिया गया है।
मार्ग परिवर्तन और नो एंट्री संबंधी ट्रैफिक एडवायजरी
दशहरा पर्व को लेकर होने वाले विविध कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस व प्रशासन के द्वारा पूर्व तैयारियों को मूर्तरूप दे दिया गया है। वाहन पार्किंग सहित भारी व यात्री वाहनों के आने-जाने के मार्ग का निर्धारण किया गया है। वहीं सरगुजा पुलिस द्वारा ट्रैफिक एडवायजरी दोपहर 02 बजे से रात्रि 10 बजे तक के लिए यात्री व अन्य सामान्य वाहनों के लिए जारी करते हुए मार्ग परिवर्तन किया गया है। भारी वाहनों के लिए शाम 04 बजे से रात्रि 10 बजे तक नो एंट्री जारी की गई है। आपातकालीन सेवा संबंधी वाहन को अंबिकापुर शहर आने एवं जाने की छूट रहेगी।
शहर के 10 स्थलों पर वाहन पार्किंग स्थल का निर्धारण
कॉलेज मैदान में स्थल क्रमांक पी-01 व्हीआईपी पार्किंग, मंच में बैठने वाले सभी व्हीआईपी, निर्धारित पासधारी के वाहन हेतु, पी-02 हॉकी मैदान, ड्यूटी में कार्यरत सभी अधिकारी व कर्मचारियों हेतु, पी-03 पीजी कॉलेज मुख्य प्रवेश द्वार के अंदर पार्किंग में ड्यूटी में कार्यरत सभी अधिकारी-कर्मचारियों हेतु, पी-04 बीटीआई मैदान में मीडिया संस्थान के सदस्यों के वाहन हेतु एवं आकाशवाणी चैक से आने वाले आम जनता के लिए, पी-05 नवापारा चर्च के सामने मैदान में आकाशवाणी चैक से आने वाले आम जनता के वाहन हेतु, पी-06 सेंट जेवियर स्कूल मैदान में आकाशवाणी चैक से आने वाले लोगों के लिए, पी-07 बनारस रोड स्थित आलोक दुबे के प्लाट के बगल में बनारस रोड की ओर से आने वालों के लिए, पी-08 पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान प्रवेश द्वार रिंग रोड में रायगढ़ रोड़, बिलासपुर रोड एवं शहर के अन्य मार्गों की ओर से आने वाले आम जनता के वाहन हेतु, पी-09 किसान राइस मिल में मनेन्द्रगढ़ रोड़ की ओर से आने वाले वाहन के लिए, पी-10 राजमोहनी देवी भवन के आगे एवं पीछे मैदान में अंबिकापुर की ओर से आने वाले आम जनता के वाहन हेतु पार्किंग स्थल है। पी-11 कलाकेन्द्र मैदान को रिजर्व रखा जाएगा।

Categorized in: