21 अक्टूबर को उद्घाटन के साथ पहली उड़ान की तैयारी शुरू
अंबिकापुर। मां महामाया हवाई अड्डा अंबिकापुर, दरिमा का उद्घाटन अगर किसी प्रकार की अड़चन सामने नहीं आई तो 21 अक्टूबर को होना तय माना जा रहा है। इसके लिए कार्यालयीन संदेश भी मेल के माध्यम से आया है। मेल में इस बात का जिक्र किया गया है कि अंबिकापुर एयरपोर्ट में शिलालेख लगाने का काम शुरू किया जाए और विमामन सेवा के अधिकारियों को यहां की गई तैयारियों की जानकारी दी जाए। सब कुछ ठीक रहा तो सरगुजा वासियों के लिए वास्तव में दीपावली के पूर्व यह खबर बड़ी खुशखबरी देने वाली होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल पहली उड़ान को हरी झंडी दिखाएंगे। मां महामाया हवाई अड्डा रायपुर, बिलासपुर और जगदलपुर के बाद छत्तीसगढ़ का चौथा एयरपोर्ट होगा, जहां से नियमित विमान सेवा की शुरुआत होनी है।
बता दें कि मां महामाया एयरपोर्ट अंबिकापुर, दरिमा की उद्घाटन तिथि कई बार टल चुकी है। यहां के लोग विमानन सेवा शुरू होने का लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। बीते माह ही यहां सफल हवाई जहाज की लैंडिंग की गई थी। इसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि जल्द ही इस हवाई अड्डा से हवाई सेवा शुरू हो सकती है। 26 सितंबर को संभावित तिथि भी तय कर दी गई थी, लेकिन यह बात हवा-हवाई ही साबित हुई। अब फिर से उद्घाटन की तिथि निर्धारित की गई है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की ओर से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर के डायरेक्टर डॉ. एसडी शर्मा को मेल के माध्यम से सूचित किया गया है कि वे अंबिकापुर एयरपोर्ट के उद्घाटन के लिए शिलालेख लगाने की तैयारी करें। 21 अक्टूबर को उद्घाटन की तिथि तय की गई है। बताया जा रहा है कि 19 सीटर विमान की नियमित उड़ान की शुरुआत दरिमा हवाई अड्डे से की जाएगी। इसके पहले मां महामाया हवाई अड्डा में 72 सीटर विमान की ट्रायल लैंडिंग कराई गई थी जो कि पूरी तरह सफल रही थी। विमानन विभाग से मिले निर्देशों के बाद स्थानीय प्रशासन ने दरिमा एयरपोर्ट के लोकार्पण की तैयारी शुरू कर दी है।

Categorized in: