अंबिकापुर। मणिपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बुटुआबुड़ा में युवकों के साथ देर रात हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने 03 आरोपियों को गिरफ्तार करके घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं हमले में प्रयुक्त पत्थर जप्त कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम सुंदरपुर लोधिमा निवासी गंगाराम मुण्डा ने बीते 05 अक्टूबर को थाना मणिपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि घटना दिनांक 03 अक्टूबर को वह अपने साथी अंकित दुबे के साथ दुर्गा पूजा के लिए एम्प्लीफायर मशीन छोड़ने ग्राम मुड़ेसा गया था। यहां से रात्रि करीबन 10 से 10.30 बजे के बीच वे अपने मोटरसाइकिल से वापस आ रहे थे। जैसे ही बटुआबुड़ा चौक के पास लघुशंका के लिए रुके, वैसे ही तीन अज्ञात युवक पैशन प्रो मोटरसाइकिल से आए और उनसे पूछताछ करने लगे। उन्होंने जब अपना परिचय दिया तो तीनों युवक अनर्गल आरोप लगाकर अश्लील गालीगलौज करते हुए हाथ-मुक्का, पत्थर से मारपीट करने लगे। इनके द्वारा शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग की गई। जब उन्होंने रुपये से मना किया तो जान से मारने की धमकी देकर पत्थर से मारपीट करने लगे। दोनों का शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचकर बीच-बचाव किए। इनके द्वारा आरोपियों के बारे में पुख्ता जानकारी पुलिस को दी गई थी, जिस पर पुलिस ने धारा 296, 351(2), 115(2),119(1), 3(5) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। आरोपी या$कूब तिग्गा 25 वर्ष, इन्नुस तिग्गा 25 वर्ष व अलबिश कुजूर 20 वर्ष सभी निवासी बकिरमा बटुआबड़ा को गिरफ्तार करके पुलिस घटना के बारे में पूछताछ की तो इन्होंने अपराध करना स्वीकार किया। आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी मणिपुर निरीक्षक दुर्गेश्वरी चौबे, सहायक उप निरीक्षक बबलू कुजूर व अनिल पांडेय, आरक्षक सुरेश गुप्ता शामिल रहे।

Categorized in: