निगम अमले के साथ निकली टीम फुटपाथों में रखे सामानों को जप्त की
अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस एवं नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों में सुगम यातायात की व्यवस्था प्रदान करने अभियान के तहत पहले समझाइश के बाद कार्रवाई मोड पर पहुंच गई है। अभियान के तहत संयुक्त टीम ने घड़ी चौक से शहर के सभी प्रमुख मार्गों में कार्रवाई करते हुए व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर रखे सामानों, स्टैंडों, फ्लेक्स, बैनर पोस्टर को जप्त किया, असंवैधानिक पार्किंग पर चालानी कार्रवाई की।
त्योहार के मौके पर आम नागरिकों को यातायात की सुगम व्यवस्था बनाने एवं जाम की समस्या से मुक्ति के लिए पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अंकित गर्ग ने शहर की यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने वाले कारको की समीक्षा और इसका चिन्हांकन करके प्रभावी कार्रवाई करने के दिशा-निर्देश दिए थे। निर्देशों के परिपालन में पुलिस अधीक्षक सरगुजा योगेश पटेल के दिशा-निर्देशन में नगर निगम, सरगुजा पुलिस एवं व्यापारी संघ की संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया था। इसी तारतम्य में आम नागरिकों को जाम मुक्त सुगम यातायात की सुविधा उपलब्ध कराने दो दिनों तक शहर में एनाउंस कराने के साथ निकली टीम दुकानदारों से सड़कों के फुटपाथ पर रखे सामानों को हटाने की समझाइस दे रही थी। इस दौरान सामानों को हटाने का आग्रह भी किया गया। इसके बाद भी कुछ दुकान संचालकों की मनमानी यथावत रही। सोमवार को यातायात पुलिस एवं नगर निगम की संयुक्त टीम ने घड़ी चौक से कार्रवाई शुरू की और देवीगंज रोड होते संगम चौक, महामाया चौक, स्कूल रोड से थाना चौक, पुन: महामाया चौक से सदर रोड होते जयस्तम्भ चौक, पुराना बस स्टैंड, ब्रम्ह रोड, संगम चौक तक सुगम यातायात अभियान चलाया। इस दौरान मुख्य सड़कों के फुटपाथ पर दुकानों का सामान रखने वाले संचालकों एवं प्रमुख मार्गों में चार पाहिया एवं दोपहिया वाहनों की बेतरतीब पार्किंग करने वाले वाहन चालकों, ऑटो चालकों के विरूद्ध चालानी कार्रवाई की गई। व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर लगाए गए बैनर, पोस्टर, फ्लेक्स की जप्ती की गई। सरगुजा पुलिस का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मनीष सिंह परिहार, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह, नगर निगम से अखिलेश पाण्डेय, चन्दन यादव, दीपक सोनी, राजीव सिंह, विजय कश्यप एवं यातायात शाखा के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

Categorized in: