हत्या का संदेह जता रहे स्वजन, पुलिस मामले की जांच में जुटी
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के तोरफा गांव से लापता हुए 10 वर्षीय बालक का शव मोरन नदी के किनारे मिला है। शव का सिर और धड़ दोनों ही अलग-अलग जगह मिले हैं। लापता बालक का शव मिलने के बाद से गांव में शोक का माहौल है। मौके पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट व डॉग स्क्वायड टीम पहुंच कर जांच की है। स्वजनों ने हत्या की आशंका जताई है, मामले में पुलिस टीम जांच में जुटी गई है।
जानकारी के मुताबिक 2 अक्टूबर की शाम बृजेश पाल, 10 वर्ष निवासी तोरफा अपने घर के बाहर से खेलते-खेलते अचानक लापता हो गया था। बालक काफी तलाश करने पर भी नहीं मिला तब स्वजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए इसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी। ग्रामीण भी अलग-अलग टोली बनाकर बच्चे को जंगल में ढूंढ रहे थे। पुलिस इसकी जानकारी मिलने के बाद संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही थी। इसी बीच रविवार 6 अक्टूबर को देर शाम बच्चे की क्षत-विक्षत लाश गांव से होकर गुजरने वाली मोरन नदी के किनारे बरामद हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि शव काफी सड़-गल गया था। सिर व धड़ अलग-अलग स्थान में मिले। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर भेज दिया है। स्वजन बालक की हत्या का संदेह जता रहे हैं।
बयान
मृतक बृजेश कुमार पाल कक्षा 5वीं का छात्र था। उसके पिता राम अशोक पाल खेती का काम करते हैं। अभी तक पारिवारिक विवाद या किसी अन्य से विवाद की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जल्द मामले का खुलासा करेंगे।
वैभव बैंकर, पुलिस अधीक्षक बलरामपुर

Categorized in: