गिरिजा ठाकुर 

अंबिकापुर। शहर के नमना कला स्थित कार्मेल स्कूल एक बार फिर से विवादों में घिर गया है। 02 अक्टूबर गांधी जयंती के दिन सार्वजनिक अवकाश पर स्कूल प्रबंधन ड्रेस में छात्रों को विद्यालय परिसर में ही धर्म क्लास लगा रहा था। शिकायत पर कलेक्टर के निर्देश पर पहुंचे जिला शिक्षाधिकारी ने स्कूल पहुंच प्रबंधन को फटकार लगाई और स्कूली बच्चों को घर भेजने की व्यवस्था बनवाई। वहीं कलेक्टर ने संयुक्त जांच टीम की रिपोर्ट सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी किया है।

02 अक्टूबर गांधी जयंती के दिन जहां एक ओर पूरा देश राष्ट्रपिता को याद कर अनेक आयोजन कर रहा है, वहीं इस सब से अलग हटकर नगर का कार्मेल स्कूल प्रबंधन अवकाश के दिन भी छात्रों को ड्रेस में बुला धार्मिक शिक्षा दे रहा था। महात्मा गांधी की जयंती पर अंबिकापुर शहर में भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं द्वारा स्वच्छता अभियान के तहत आयोजन किया जा रहा था, इसी बीच कार्यकर्ताओं की इसकी जानकारी मिली। मौके पर पहुंच कार्यकर्ताओं ने इसकी जिला शिक्षा अधिकारी और गांधीनगर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे पुलिस और जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल प्रबंधन को फटकार लगाई। कार्मेल स्कूल प्रबंधन को अधिकारियों ने तत्काल स्कूल बंद करने के निर्देश दिए और बच्चों को वापस स्वजनों के साथ भेजा गया।

कलेक्टर ने किया नोटिस जारी
संयुक्त जांच उपरांत प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर कलेक्टर सरगुजा द्वारा स्कूल प्राचार्य को नोटिस जारी करते हुए 3 अक्टूबर को समक्ष उपस्थित होकर घटना के संबंध में और नि:शुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम 2010 एवं 2011 में उल्लेखित प्रावधानों के तहत क्यों ना संस्था की मान्यता समाप्त करने और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए, इसके संबंध में अपना उत्तर प्रस्तुत करने निर्देशित किया गया है। नोटिस में यह भी कहा गया है कि निर्धारित समयावधि में समाधान कारक उत्तर प्राप्त नहीं होने की स्थिति में एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।

गांधी जयंती के उपलक्ष्य में हम लोग स्वच्छता अभियान पर कार्यक्रम कर रहे थे। इसी बीच जानकारी मिली कि कार्मेल स्कूल में आज छुट्टी के दिन भी विद्यालय प्रबंधन बच्चों को स्कूल में बुलाकर धार्मिक शिक्षा दे रहा है। स्कूल पहुंचकर अधिकारियों व पुलिस को जानकारी दी गई और उनके पहुंचने के बाद प्रबंधन ने बच्चों की छुट्टी की। अन्य धर्म के बच्चों को भी आज स्कूल में बुलाकर धर्म विशेष की शिक्षा दी जा रही थी। इसपर तत्काल कार्यवाही आवश्यक है।

दीपक यादव, कार्यकर्ता भाजपा युवा मोर्चा
कलेक्टर के निर्देश पर स्कूल तत्काल बंद करा दिया गया है। छात्रों को उनके स्वजन के साथ वापस भेजा जा रहा है। कुछ स्वजनों को सूचना भी दी गई है। स्कूल प्रबंधन ने अपनी गलती स्वीकार की है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अशोक कुमार सिन्हा, जिला शिक्षा अधिकारी सरगुजा

Categorized in: