गिरिजा ठाकुर 

 
अंबिकापुर। शहर के मणिपुर थाना क्षेत्र के मठपारा में लड़के-लड़कियों से एक महिला के द्वारा किए जा रहे मारपीट का वायरल वीडियो संज्ञान में आने के बाद जहां एक ओर पुलिस अधिकारियों ने तत्परता दिखाई, वहीं पुलिस के चंगुल में आने के बाद महिला का गायब होना सुर्खियों में है। मामले में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मणिपुर थाना प्रभारी को स्वयं कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए थे। निर्मम तरीके से लड़के-लड़कियों से मारपीट कर रही महिला को थाने तक लाने के बाद छोड़ देने को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

बीते 27-28 सितम्बर को मणिपुर थाना क्षेत्र का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया में सुर्खियों में आया था, जिसमें एक महिला नाबालिग लड़की को बेदर्दी से मारपीट करते नजर आ रही है। लड़की का पिता उसे नहीं मारने की मिन्नतें करते नजर आ रहा है। हैवान बनी महिला, बालिका को काफी दूर तक मारते-पीटते खींचते ले जा रही है। एक अन्य वीडियो में कुछ लड़कों के साथ मारपीट करते नजर आ रही महिला के सामने एक लड़का हाथ जोड़े बैठा है और रहम की भीख मांग रहा है। इस महिला का यह कृत्य तो सुर्खियों में आया ही, इसकी बहन ने भी एक आवेदन पुलिस अधीक्षक सरगुजा के नाम दिया है, जिसमें वह गंभीर आरोप लगाई है। स्वयं व कम उम्र की गरीब लड़कियों के अपने घर में रखकर अनैतिक कृत्य व अवैध मादक पदार्थ गांजा बिक्री कराने जैसी आरोपों से उक्त महिला के घिरे रहने की बात सामने आ रही है। गंभीर मामले में नामजद अपराध दर्ज करने के बाद पुलिस ने उसे मरौव्वत देते हुए देर शाम घर जाने कहा गया, इसके बाद महिला पूरे परिवार के साथ गायब हो गई। बताया जा रहा है कि महिला को अगले दिन 10 बजे थाना में आने के लिए कहा गया था। ऐसी नौबत सिर्फ मणिपुर थाना के जिम्मेदारों के कारण बनी। वैसे भी मणिपुर थाना ऐसी हरकतों के लिए सुर्खियों में है। किसी को पकड़कर थाने लाना और स्वार्थ सिद्ध होने पर हृदय परिवर्तन का खेल किसी से छिपा नहीं है। थाने के सीसीटीव्ही का अधिकारी अवलोकन करें तो कई ऐसे चौंकाने वाले तथ्य सामने आएंगे।

पुलिस ने किया था अपराध दर्ज
बालिका से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया एवं अन्य सार्वजानिक प्लेटफॉर्म पर सामने आने के बाद पुलिस ने उक्त वीडियो एवं घटना को लगभग 02 माह पुराना बताया है। पुलिस अधीक्षक सरगुजा योगेश पटेल ने नाबालिग से मारपीट के मामले में बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस टीम ने पीड़िता की रिपोर्ट पर मठपारा निवासी प्रतिमा सिंह के विरुद्ध थाना मणिपुर में धारा 146 बी.एन.एस. एवं किशोर न्याय अधिनियम 2015 की धारा 75, 77 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुष्ट सूत्रों ने बताया कि हरकत में आई पुलिस ने 28 सितंबर को जिला न्यायालय के पास से महिला को अपने कब्जे में ले लिया था और उसे मणिपुर थाना ले आई थी।

कई ग्रामीण अंचलों तक पुलिस की दबिश
नाबालिग बालिका से मारपीट के मामले में महिला जब अगले दिन थाना आकर अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कराई तो पुलिस के हाथ-पांव फूलने लगे। मोबाइल से संपर्क नहीं होने पर पुलिस जब उसके मठपारा स्थित ठिकाने में पहुंची तो वह अपने पूरे खानदान के साथ गायब थी। पुलिस उसका लोकेशन लेते कभी परसा तो कभी हर्राटिकरा दौड़ लगा रही है। महिला मिली भी तो खेत के रास्ते से कीचड़, मिट्टी में कूदते-फांदते गायब हो गई। सूत्र बताते हैं कि पुलिस के हाथ फरार महिला का पति लगा, जिसे प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करके न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया और उसकी लड़की को संभवत: बालिका गृह में रखा गया है।

स्थानांतरण के बाद भी अंगद का पांव बने नवल
पुलिस अधीक्षक सरगुजा योगेश पटेल ने हाल में पुलिस विभाग के निरीक्षक, उपनिरीक्षकों और सहायक उपनिरीक्षकों की एक सूची जारी की है, जिसमें संबंधित स्थानांतरित अधिकारियों को नवीन पदस्थापना स्थल में 30 सितम्बर की शाम को 3 बजे तक आमद देकर पुलिस कंट्रोल रूम को अवगत कराने कहा गया था। निर्धारित समय पर आमद नहीं देने पर संबंधित थाना व चौकी प्रभारियों, जिनके द्वारा रवानगी नहीं दी गई है, के साथ स्थानांतरित अधिकारी के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद भी मणिपुर थाना में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक नवल किशोर दुबे की रवानगी बुधवार, 2 अक्टूबर की दोपहर तक नहीं हो पाना चर्चा का विषय बना हुआ है। ये महाशय जिस भी थाने में रहे, अपनी करतूतों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। कुछ दिन पहले एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वे गश्त के दौरान कथित रूप से शराब पकड़ने के लिए एक ग्रामीण के घर पहुंचे। यहां शराब नहीं मिला लेकिन वे जबरन दंपती को गाड़ी में बैठाने का प्रयास करने लगे। मौके पर भीड़ लग गई और इन्होंने महिला को गाड़ी से उतारा लेकिन पुरूष को थाना ले आए, बाद में उसे भी छोड़ दिया। पुलिस अधीक्षक के दिशानिर्देशों को गंभीरता से नहीं लेने वाले मातहत पर वरिष्ठ अधिकारी क्या कार्रवाई करते हैं, यह तो आने वाला समय ही बताएगा।

Categorized in: