लखनपुर। विकासखंड शिक्षा अधिकारी लखनपुर के प्रतिवेदन पर जिला शिक्षा अधिकारी ने एक सहायक शिक्षक एलबी और प्रधानपाठक को निलंबित करते हुए इनका मुख्यालय निर्धारित किया है। निलंबन अवधि में नियमानुसार इन्हें जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।

जानकारी के मुताबिक सहायक शिक्षक एलबी आशीष कुमार भगत 23.07.2024 से लगातार बिना किसी पूर्व सूचना के विद्यालय से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित हैं। बीईओ प्रदीप राय ने इन्हें कारण बताओ सूचना पत्र जारी करके माह अगस्त 2024 का वेतन रोकने की कार्रवाई की। आज दिनांक तक आशीष कुमार भगत द्वारा तत्सबंध में जवाब उपलब्ध नहीं कराया है। 21 अगस्त को जन शिक्षक संकुल केंद्र के द्वारा भी इनके 23 जुलाई से लगातार अनुपस्थित रहने की सूचना दी गई थी। इनके कृत्य को अत्यंत आपत्तिजनक, अशिष्ट तथा निंदनीय और कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासन हीनता तथा स्वेच्छाचारिता को प्रदर्शित करने वाला मानते हुए जिला शिक्षा अधिकारी अंबिकापुर ने 13.9.2024 को आदेश जारी करके आशीष कुमार भगत को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 एवं नियम 23 के सर्वथा विपरीत होने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय अंबिकापुर निर्धारित किया गया है। बता दें कि सहायक शिक्षक के विरूद्ध सरपंच एवं ग्राम वासी ग्राम पंचायत चोड़ेया के द्वारा भी 23 जुलाई से लगातार अनुपस्थिति रहने पूर्व में विद्यालय में शराब का सेवन करके आने का पंचनामा दिया गया था।

प्रधानपाठक विनोद कुमार सिंह भी निलंबित
इसी क्रम में विकास खंड  शिक्षा अधिकारी लखनपुर ने विनोद कुमार सिंह प्रधान पाठक प्राथमिक शाला पंडरीपानी को 06.07.24 से आज दिनांक तक बिना किसी पूर्व सूचना के विद्यालय से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने पर 11.07.2024 को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है, जिसका जवाब आज दिनांक तक अप्राप्त है। अनुपस्थित के एवज में इनका जुलाई 2024 का वेतन रोका गया। इनके अनुपस्थिति की जानकारी पुन: विकासखंड लखनपुर में 04.09.24 को दी गई है। फलस्वरूप जिला शिक्षा अधिकारी अंबिकापुर ने 13.09.24 को आदेश जारी करके इन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए निलंबन अवधि में मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बतौली निर्धारित किया है। निलंबन अवधि में इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह की पात्रता होगी। विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप राय ने बताया कि भविष्य में भी अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने वाले एवं शराब का सेवन करके विद्यालय आने वाले शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Categorized in: