गिरिजा ठाकुर 

 अंबिकापुर। बेवा महिला के खाते से स्वर्गीय पति के परिचित दंपती ने 11 लाख 80 हजार रुपये छलपूर्वक अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया। पति की मौत के बाद सास-ससुर का सहयोग नहीं मिलने से महिला अपने बच्चों के साथ मायके में रह रही है। इसका फायदा उठाते हुए महिला के स्वर्गीय पति के मित्र ने महिला को लाखों रुपये की चपत लगा दी। बच्चों की परवरिश के लिए पति के द्वारा दिए गए रुपये को संजोकर रखी महिला गांधीनगर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी है। पुलिस ने दंपती के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।

बेवा महिला भानु राय निवासी प्रतापपुर रोड सरगवां, मझलीपारा ने पुलिस को बताया है कि उनके पति स्व. शंकर राय ने अपने जीवन काल में कुछ रुपये अर्जित किए थे, जिसे वह अपने खाता में जमा करके रखी थी। पति की मुत्यु के बाद सास-ससुर उसके खिलाफ षड्यंत्र रचना प्रारंभ कर दिया। इसका फायदा उठाकर राकेश सिन्हा और उनकी पत्नी कनिका दीक्षित ने मिलकर पहले तो उनका भरोसा जीता, बाद में ठगी का शिकार बनाया। महिला ने पुलिस को बताया है कि उनके पति ने अपने जीवनकाल में अर्जित किए गए रुपये से अपने माता-पिता, पत्नी व बच्चों का बराबर हिस्सा कर दिया था, लेकिन सास-ससुर उसे रुपये नहीं देना चाहते थे।

इसी कारण उन्होंने बेवा के नाम के रुपये को अपने संयुक्त खाते में डलवा दिया, बचे हुए पैसों को भी लेने की इनकी मंशा थी। इस बीच उनके स्वर्गीय पति के मित्र राकेश सिन्हा ने आश्वस्त किया कि उनके नाम के बचे रुपये को वे किसी की लेने नहीं देंगे। पति की मौत के बाद सास-ससुर के दुर्व्यवहार को देखते हुए वह 12 मार्च 2019 को अपनी 9 वर्षीय बेटी व 18 माह के पुत्र को लेकर मायके आ गई थी। राकेश सिन्हा और उसकी पत्नी कनिका दीक्षित इन्हे तलाशते मायके तक आ आए और 03 अप्रैल 2019 को छलपूर्वक एलआईसी के दस्तावेज व चेक में हस्ताक्षर करवा लिए। इसके बाद राकेश सिन्हा ने 12 अप्रैल 2019 को चेक के माध्यम से दो लाख रुपये और 16 अप्रैल 2019 को चेक से 03 लाख 20 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिया, पूछने पर कुछ काम से रकम लेने और कुछ दिनों में लौटा देने कहा। 07 मई 2019 को पुन: राकेश ने चेक से पांच लाख रुपये व 28 मई 2019 को 01 लाख 60 हजार रुपये, कुल 11,80,000 रुपये अपनी पत्नी के खाते में ट्रांसफर करा लिया। पूछने पर राकेश सिन्हा ने बच्चों के नाम पर रुपये इन्वेस्ट करा देने की बात कही और कागजात मांगने पर टालमटोल करने लगा। इन्होंने कहा कि इन्वेस्ट किए गए रकम का ब्याज उनके खाते में हर महीने आएगा। कई महीने इंतजार के बाद भी ब्याज का रकम खाते में नहीं आया तो महिला ने रुपये वापस करने कहा, जिस पर राकेश अभी पैसे नहीं है कहकर आनाकानी करने लगा। बाद में इन्होंने फोन उठाना और मैसेज का जवाब देना भी बंद कर दिया। रिपोर्ट पर पुलिस मामले की जांच, विवेचना में जुट गई है।  

Categorized in: