सरगुजावासियों ने जमकर मनाईं खुशियां, दीवाली जैसे उत्सव का दिखा नजारा
अंबिकापुर। अयोध्या में बुधवार को प्रधानमंत्री ने जैसे ही राम मंदिर निर्माण का भूमिपूजन किया, पूरा देश खुशी में डूब गया। सरगुजा में भी लोगों ने जमकर खुशियां मनाईं। राम भक्त पूरे दिन पूजा अर्चना में लीन रहे। दिन भर आतिशबाजी होती रही। शहर के मंदिरों को फूलों से सजाया गया था। शाम को लोगों ने अपने-अपने घरों व मंदिरों में दीये जलाकर राम नाम का उद्घोष किया।
शहर के राम भक्तों ने बताया कि लगभग ५०० साल बाद राम भक्तों का सपना सच होने जा रहा है। इस शुभ अवसर की प्रतीक्षा में हमारे कई पीढ़ी थक चुकी है। हमलोग बहुत सौभाग्यशाली हैं जो इस अवसर के साक्षी बने हैं। रामनगरी अयोध्या में यह रामकथा का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। इसे लेकर शहर से लेकर गांव तक खुशी व हर्ष का माहौल दिखा। कोरोना संक्रमणकाल के कारण सामूहिक आयोजन नहीं किया जा सका। कई लोगों ने भूमि पूजन के शुभ समय पर अपने-अपने घरों में भगवान श्रीराम व माता सीता की पूजाअर्चना की। अपने-अपने घरों में परिवार के साथ राम भक्ति में लीन रहे। भगवान श्री राम की आरती कर भजन कीर्तन किया। वहीं शहर के लगभग सभी मंदिरों को फूल-माला से सजाया गया था। हनुमान मंदिर में मंगलवार से ही भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया था।
दीवाली जैसा उत्सव
अयोध्या राम मंदिर निर्माण के भूमि पूजन के शुभ अवसर पर सरगुजावासियों ने दीवाली जैसा उत्सव मनाया। शहर से लेकर गांव तक के हर भक्तों ने अपने-अपने घरों में दीप जलाकर राम भक्ति का संदेश दिया। हर घर दीपों की रोशनी से जगमग हो उठा। शाम ढलते ही लोगों ने अपने-अपने घरों में दीप जलाने की तैयारी शुरू कर दी थी। इस दौरान महिलाएं भी अपने-अपने घरों में राम भजन गाकर भक्ति में लीन दिखीं। शुभम अग्रवाल ने बताया कि मारवाड़ी युवा मंच द्वारा राम मंदिर को सजाया गया था।


जकांछ छात्र संगठन ने भी जलाए दीये
राम मंदिर निर्माण के लिए होने वाले भूमि पूजन के उपलक्ष्य में युवा जनता कांग्रेस एवं छात्र संगठन जोगी अ िबकापुर द्वारा दीप प्रज्ज्वलित किया गया। छात्र संगठन के जिलाध्यक्ष रचित मिश्रा बताया कि बड़े अर्से के बाद यह सौभाग्य हम लोगों को प्राप्त हुआ है। इस दौरान रोहित सुब्बा, मुनेश्वर यादव, रावीर सिंह, संध्या सोनी, रवि थापा, राजू सिंह आदि उपस्थित रहे ।
हनुमान चालीसा का आयोजन
भारतीय किसान संघ सरगुजा द्वारा ग्राम सरई टिकरा में राम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के लिए हुए भूमि पूजन के उपलक्ष्य पर शिव मंदिर प्रांगण में हनुमान चालीसा पाठ कया गया। इस दौरान ग्रामीणों के बीच हनुमान चालीसा पुस्तक का वितरण किया गया। राम भक्तों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई गई। इस दौरान भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष किशोर बघेल, पूरन राम राजवाड़े, काशी राम राजवाड़े, कमलेश गुप्ता, जीवंत राम, आनंद राम, पारस राम सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।
एनएसयूआई ने जलाए १००१ दीये
राम मंदिर निर्माण के भूमिपूजन के अवसर पर एनएसयूआई द्वारा आयोजित ‘श्री राम के नाम, एक दीया ननिहाल में’ के तहत कार्यकर्ताओ ने पूरे शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर १००१ दीये प्रज्ज्वलित किए गए। इसकी शुरूआत मां गौरी मंदिर में २५१ दीये प्रज्ज्वलित कर की गई। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष हिमांशु जायसवाल ने बताया कि पूरे जिले भर में उक्त आयोजन किया गया।
दीये जलाकर जमकर आतिशबाजी
शहर में बुधवार को विभिन्न संगठनों के साथ ही लोगों द्वारा अपने घरों में दीये जलाकर व आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। शाम होते ही शहर का नजारा दीवाली त्योहार जैसा हो गया था। लोग राम भक्ति में डूबे नजर आए।

Categorized in: