पति की प्रताड़ना से तंग आकर दी थी उक्त घटना को अंजाम
बिश्रामपुर। सेंट्रिंग व्यवसाई के यहां दो दिन पूर्व ही हथियार बंद दो युवकों ने धावा बोलकर व्यवसाई व उसके पिता पर तलवार से प्राणघातक हमला किए जाने के मामले में पत्नी समेत दो प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लटोरी पुलिस ने बताया कि दो दिन पूर्व चौकी से महज कुछ ही फर्लांग दूरी पर अंबिकापुर-बनारस हाइवे मार्ग किनारे स्थित संजय अग्रवाल के सेंट्रिग प्लेट व महुवा दुकान में अज्ञात नकाबपोश युवकों ने धावा बोल दिया था। यहां पर किसी के आने की सुगबुगाहट मिलते ही जब वहीं पास में सो रहे व्यवसाई 38 वर्षीय संजय अग्रवाल जब हल्ला करते हुए उठकर बाहर आया, तभी अज्ञात नकाबपोश युवकों ने तलवार से व्यवसाई पर हमला कर दिया था। व्यवसाई द्वारा आरोपियों से भिड़कर एक युवक के हाथ से तलवार को छीन लिया था, तभी दूसरे नकाबपोश युवक ने हमला कर दिया था। इसी बीच व्यवसाई संजय अग्रवाल के 58 वर्षीय पिता सुभाष अग्रवाल लाठी लेकर बीच बचाव करने पहुंचे तब एक आरोपी ने वृद्ध पर भी तलवार से हमला कर दिया था। इसी बीच वृद्ध द्वारा लाठी से हमला किए जाने पर दोनों अज्ञात नकाबपोश युवकों ने अपनी तलवार व गमछा को वहीं छोड़ मौके से भाग निकले थे। व्यवसाई संजय अग्रवाल की रिपोर्ट पर पुलिस ने विवेचना शुरू की थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर जब व्यवसाई की पत्नी 30 वर्षीय सुनीता अग्रवाल को जब हिरासत में लेकर पूछताछ किया तब पत्नी से अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पूछताछ पर सुनीता अग्रवाल ने बताया कि उसके पति का दूसरी महिलाओं के साथ संबंध था, जिस कारण उसे ऐसा करने से मना करती थी। इसी बात पर दोनों का विवाद होता था। इसी बीच लटोरी बैगापारा निवासी 30 वर्षीय जगेश्वर चौधरी पिता महेंद्र चौधरी और 33वर्षीय मिथलेश चौधरी पिता विष्णु चौधरी से इसका परिचय हुआ और पति घर में बहुत पैसा रखे हैं, घर वालों को मारकर पैसा चोरी कर ले जाना और कुछ हिस्सा मुझे दे देना इसकी योजना बनाई और 25-26 जून की दरम्यानी रात में मोबाईल से संपर्क कर दोनों आरोपियों को बुलाई थी। इसके पश्चात दोनों प्रेमी आरोपियों ने मिलकर व्यवसाई की हत्या करने के मकसद से उसके यहां मध्य रात्रि में हथियार से लैस होकर धावा बोल दिए थे, लेकिन व्यवसाई पिता पुत्र की साहस की वजह से उक्त दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस को महिला ने बताया कि घटना के दौरान जब आरोपियों ने धावा बोला था, उस समय वह अंदर चली गई थी। महिला के इसी शुरुआती बयान के आधार पर पुलिस ने संदेह के आधार पर उसे हिरासत में लिया था। मामले में पुलिस ने 30 वर्षीय सुनीता अग्रवाल व उसके दोनों प्रेमी मिथलेश चौधरी, जगेश्वर चौधरी के खिलाफ धारा 307, 394, 450, 25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए तीनों को आज न्यायालय पेश कर दिया है। पुलिस ने बताया कि व्यवसाई संजय अग्रवाल द्वारा सुनीता के साथ प्रेम विवाह किया गया था। दोनों ही अलग अलग जाति के हैं। कार्यवाही में लटोरी चौकी प्रभारी विराट विशी, प्रधान आरक्षक विशाल मिश्रा, सुशील मिश्रा, पिंगल मिंज, भीखराम भगत, आरक्षक नंदकिशोर राजवाड़े, इस्तयाक अहमद, अम्बिका मरावी, शोभनाथ कुशवाहा, महिला आरक्षक मुनेश्वरी पैकरा सक्रिय रहे।

Categorized in: