ड्राइवर को लेने गए फुरबू कोम्पो के साथ गालीगलौज मारपीट किया था आरोपित

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के मैनपाट में बुधवार की सुबह दर्जनों तिब्बती शरणार्थी थाना पहुंच कर धरने पर बैठ गए। पिछले दिनों तिब्बती परिवार के एक सदस्य के साथ स्थानीय व्यक्ति ने मारपीट की थी, इसकी रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं की, ऐसा आरोप है। इसके विरोध में सभी तिब्बती एक साथ कमलेश्वरपुर थाना पहुंच कर आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे।

जानकारी के मुताबिक तिब्बती फुरबू कोम्पो के साथ पिछले दिनों जमीन विवाद पर मैनपाट क्षेत्र के संतोष यादव ने मारपीट की थी। मामले में कमलेश्वरपुर थाना में एफआइआर दर्ज किया गया था, लेकिन आरोपी अभी तक फरार है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। यह बात तिब्बती शरणार्थियों को गले नहीं उतर रही है। कहना है कि बड़े-बड़े मामलों में अपराधियों को चंद घंटे में पकड़ने वाली पुलिस मारपीट के आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पा रही है। बहरहाल आरोपी की गिरफ्तारी के मिले आश्वासन के बाद तिब्बतियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया है।  

मारपीट का यह है मामला
फुरबू कोम्पो पिता स्व. दोरजी उम्र 60 वर्ष ग्राम कुनिया, थाना कमलेश्वरपुर ने लिखित आवेदन पत्र पेश कर रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 17 जून को करीब 05 बजे अलसुबह वह खेती-बाड़ी के लिए ट्रैक्टर चलाने कुनिया के संगवारी क्लीनिक के पास ड्रायवर दलवीर मांझी को बुलाने गया था, साथ में उसका भाई नान्हू भी था। वह दलबीर को अपने साथ चलने के लिए बोल रहा था, तभी वहां पर गांव का संतोष यादव आया और बोलने लगा कि तुम पसांग गेलमो का तरफदारी करते हो, एसडीएम के सामने गवाही देते हो, कहकर गाली गलौज करते जान मारने की धमकी देने लगा। जब वह बोला कि सरकार फैसला करेगा, लड़ने से कोई फायदा नहीं है, तो संतोष यादव जान से मारने की धमकी देकर लाठी से मारपीट करने लगा। सिर को बचाने की कोशिश में लाठी के वार से उसके दाहिने हाथ में चोट आई है। इस दौरान पसांग गेलमो की पुत्री तेनजीन यांगछेन सड़क से गुजर रही थी, जो लड़ाई-झगड़ा देखकर दूर से चिल्लाई। जब वह मौके पर पहुंची तो उसके घर वालों को भी जान से मारने की धमकी देने लगा। आरोप है कि संतोष यादव ने मैनपाट में रहने वाले तिब्बती शरणार्थियों को जीने नहीं देने और मैनपाट से बाहर कर देने की धमकी दी है, जिससे तिब्बतियों में आक्रोश है। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध मारपीट का केस दर्ज किया है।  

Categorized in: