रामानुजगंज(विकाश कुमार केशरी)- नगर के वार्ड क्रमांक 3 रिंग रोड के समीप स्थित शासकीय नाले को जेसीबी से भरे जाने की सूचना पर प्रभारी तहसीलदार विवेक चंद्रा डिप्टी कलेक्टर तत्काल राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचे एवं जेसीबी को जप्त कर रामानुजगंज थाने के सुपुर्द किया। लंबे समय से जिस प्रकार से नगर के शासकीय जमीनों पर तेजी से इसी प्रकार कब्जा किया जा रहा है राजस्व विभाग के द्वारा इसी प्रकार कार्यवाही की मांग लंबे समय से की जाती रही है। इस बीच तहसीलदार के त्वरित कार्यवाही की नगर वासियों ने प्रशंसा की है।

गौरतलब है कि नगर के किनारे के वार्डों में तेजी से शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा हो रहा है वहीं अवैध कब्जा धारियों के द्वारा पहले शासकीय जमीन पर कब्जा किया जा रहा है फिर उसे दूसरे प्रांत के लोगों से बेचा जा रहा है जिसकी लगातार शिकायत नगर वासियों के द्वारा राजस्व विभाग से की जाती रही है परंतु कार्यवाही नहीं करने से अवैध अतिक्रमण कारियों के हौसले बुलंद है। नगर के वार्ड क्रमांक 3 रिंग रोड में शासकीय नाले को जेसीबी के द्वारा समतल किया जा रहा था जिसकी सूचना तहसीलदार विवेक चंद्रा को मिली तो तत्काल वे राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचे एवं अवैध कब्जा के लिए चलाए जा रहे जेसीबी मशीन को जप्त कर थाने के सुपुर्द किया।

तहसीलदार विवेक चंद्रा ने बताया कि शासकीय जमीनों पर अवैध कब्जा की जानकारी जहां से भी मिलेगी तत्काल कार्यवाही की जाएगी।

₹50 की स्टाम्प में बिक जा रहा है शासकीय जमीन- नगर में रिंग रोड बनने के बाद शासकीय जमीन का रेट अचानक आसमान छूने लगा जिसके बाद इन शासकीय जमीनों पर अवैध कब्जा धारियों की नजर पड़ी जिनके द्वारा लगातार विगत 5 वर्षों से तेजी से अवैध कब्जा किया जा रहा है साथ ही साथ अवैध कब्जा कर इसे ₹50 की स्टांप में दूसरे प्रांत के लोगों से बिक्री कर दी जा रही है।

भंग हो सकती है शहर की शांति- जिस प्रकार से नगर के शासकीय जमीनों पर अवैध कब्जा कर दूसरे प्रांत के लोगों को तेजी से बेचा और बसाया जा रहा है निश्चित रूप से आने वाले समय में शहर की शांति भंग होने का खतरा रहेगा। यदि राजस्व विभाग इसी प्रकार कार्यवाही करता है तो निश्चित रूप से शासकीय जमीनों पर अवैध कब्जा रुक सकेगा।उक्त कार्यवाही में राजस्व विभाग के साथ नगर पंचायत का अमला सीएमओ सुमित मेहता के साथ मौजूद था।

Categorized in: