मासूम बच्चा पड़ोस में खेल रहा था, एक युवक का निजी अस्पताल में चल रहा उपचार

अंबिकापुर। मंगलवार की रात किराना दुकान में धमाके के बाद लगी भीषण आग के चपेट में आई दुकान संचालक की पत्नी की मौत हो गई। दुकान के बाहर बैठा एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया, जिसका एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के वक्त मृतिका का तीन वर्ष का मासूम बच्चा कार्तिक पड़ोस में खेल रहा था। घटना शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम कंचनपुर की है। दुकान व मकान में आग लगने की सूचना पर मौके पर अग्निशामक वाहन के साथ फायरमैन पहुंचे और भीषण आग के बीच बुरी तरह से झुलस गई दुकान संचालक की पत्नी और पड़ोसी युवक को रेस्क्यू करके अस्पताल रवाना किया। फायर टीम को आग बुझाने कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

जानकारी के मुताबिक कंचनपुर में लालसाय पैकरा के खपरपोश मकान में किराना दुकान है, पीछे उनका पूरा परिवार रहता है। मंगलवार की रात लगभग साढ़े सात बजे गांव में बिजली नहीं थी, जिसके सुधार कार्य के लिए बिजली विभाग के कर्मचारी गांव में पहुंचे थे। लाइट नहीं रहने के कारण लालसाय की पत्नी दरीना सिंह 24 वर्ष, दुकान में मोमबत्ती जलाई थी। दुकान में ही गैस चूल्हा व सिलिंडर रखा था। महिला का पति लालसाय दुकान से 50 मीटर दूर जहां बिजली विभाग के कर्मचारी सुधार कार्य कर रहे थे, वहीं खड़ा था। मासूम बच्चा पड़ोस में कहीं खेल रहा था। दुकान के बाहर स्टूल में पड़ोस में रहने वाला अजय पैकरा बैठा था। इसी दौरान दुकान के अंदर जोरदार धमाका हुआ, जिससे लोगों सहम गए। देखते ही देखते दुकान पूरी तरह से आग की चपेट में आ गया। दुकान में मौजूद लालसाय पैकरा की पत्नी दरीना सिंह पूरी तरह से आग की चपेट में आ गई और उसे बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिल पाया। बाहर बैठा युवक अजय पैकरा भी झुलस गया। पास-पड़ोस के लोग आग बुझाने और आग की चपेट में आई महिला व युवक को बचाने का अपने स्तर पर प्रयास करने लगे, लेकिन धमाके के साथ लगी आग इतना भयावह रूप ले ली थी कि वे बाहर से ही आग बुझाने के प्रयास में लगे रहे। फायर स्टेशन को दुकान व घर में आग लगने की सूचना रात 08.04 बजे मिली। इसके बाद दमकल वाहन के साथ फायर मैन घटना स्थल की ओर तत्काल रवाना हो गए। फायरमैन जब तक मौके पर पहुंच पाते आग की चपेट में पूरा खपरपोश मकान व दुकान आ गया था। टीम ने सबसे पहले दरीना को कंबल में लपेटकर बाहर निकाला। इसके बाद महिला व युवक को एम्बुलेंस से अस्पताल रवाना किया, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने दरीना को मृत घोषित कर दिया। आग पूरी तरह से बुझने तक जिला सेनानी एसके कठुतिया के निर्देशन में फायर स्टेशन प्रभारी अंजनी तिवारी, फायर चालक पवन गुप्ता, फायरमैन गौरव पाठक, राजेश्वर गुप्ता, सैनिक नन्दकिशोर के अलावा डॉयल 112 के साथ पुलिस टीम डटे रही।

बोतल में पेट्रोल भरते समय आग भभकने की चर्चा
घटना के दौरान दुकान संचालक की पत्नी दरीना सिंह के द्वारा किसी ग्राहक के लिए बोतल में पेट्रोल भरने की चर्चा भी हो रही है। दुकान में लाइट नहीं रहने के कारण मोमबत्ती जल रहा था। ऐसे में संभावना बोतल में पेट्रोल डालते समय आग भभकने व सिलिंडर ब्लास्ट और फ्रिज का कंप्रेशर फटने की बनी हुई है। हालांकि मृतिका के स्वजन की ओर से ऐसा कुछ भी पुलिस के सामने नहीं लाया गया है। इनके द्वारा गैस सिलिंडर के लिकेज होने की बात जरूर कही जा रही है, जिससे दुकान में गैस फैलने और मोमबत्ती जलने के कारण आग लगने जैसी परिस्थिति बनने को बल मिल रहा है।  

Categorized in: