पेट्रोल पंप के अंदर घुसकर एक युवक को चाकू से गोदा, सीसीटीवी में घटना कैद, तीन गिरफ्तार

अंबिकापुर। संभाग मुख्यालय अंबिकापुर के रेंज आईजी बंगला से कुछ फासले पर पेट्रोल पंप के पास सोमवार की रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। बदमाशों ने चाकू, डंडा व हथौड़े से मारपीट की घटना को अंजाम दिया, जिससे लोग दहशत में आ गए। घटना में पांच लोग जख्मी हुए हैं। एक युवक का अंतड़ी तक बाहर निकल आया था। घायलों का होलीक्रॉस अस्पताल में इलाज चल रहा है। सीसीटीवी कैमरे में कैद घटना दिल दहला देने वाला है। बदमाश पेट्रोल पंप के कार्यालय में घुसकर एक युवक से मारपीट और चाकू से हमला करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने घटनाक्रम में शामिल नामजद पांच आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार करके बलवा, हत्या का प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों के तलाश में पुलिस लगी है।


जानकारी के मुताबिक औरंगाबाद बिहार के बसडीहा गोपाल कुटुम्बा निवासी चुनमुन शर्मा ने कोतवाली थाना पुलिस को बताया कि वर्तमान में वह केदारपुर महरोत्रा गली में रहता है। 13 मई को बिहार का ही अरविन्द शर्मा उसके भाई संटू शर्मा को फोन पर गाली-गलौज करते हुए बंगाली चौक के पास बुलाया, तब वह अपने भाई संटू शर्मा, विकास शर्मा, नीरज शर्मा व चचेरे भाई सोनू शर्मा के साथ सभी लोग बंगाली चौक के पास गया। यहां संतोष शर्मा, अरविंद शर्मा, पप्पू शर्मा व उसके अन्य साथी थे, जो थाना में रिपोर्ट करने की बात कहते हुए गाली-गलौज करने लगे। हत्या की नियत से जान से मारने की धमकी देते हुए संतोष शर्मा, अरविन्द शर्मा, पप्पू शर्मा एवं अन्य हाथ से रखे धारदार चाकू एवं हथौड़ी से मारपीट करने लगे। इनके वार से बचने के लिए वह स्वयं व चारों भाई भागे। इसके बाद भी आरोपियों ने विकास के पेट में नीरज के माथा व आंख के पास, संटू के सिर में व सोनू के गर्दन में चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया, चारों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना की रिपोर्ट सोमवार को देर रात कोतवाली पुलिस को दी गई थी, जिस पर धारा 147, 148, 149, 294, 506, 323, 307 भादवि एवं 25-27 आम्र्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस प्रकरण के अन्य फरार आरोपियों के तलाश में लगी है। कार्रवाई में कोतवाली थाना से उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक द्वय अजीत मिश्रा, आभाष मिंज, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह, आरक्षक उपेंद्र सिंह, मंटू गुप्ता, शिव राजवाड़े सक्रिय रहे।

रात में ही शुरू हुई आरोपियों की खोजबीन
घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी व कोतवाली पुलिस देर रात घटनास्थल रामानुजगंज रोड में स्थित रवि फ्यूल्स पहुंची। पुलिस टीम सीसीटीव्ही का अवलोकन करने के बाद आरोपियों के खोजबीन में जुटी और लगातार प्रयास करते हुए अलसुबह तक चाकूबाजी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों में से संतोष शर्मा 26 वर्ष, अरविन्द शर्मा 20 वर्ष, पप्पू शर्मा 22 वर्ष सभी निवासी बसडीहा गोपाल कुटुम्बा जिला औरंगाबाद बिहार, हाल-मुकाम संजय पार्क के पास अंबिकापुर को गिरफ्तार कर ली। पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथौड़ा और चाकू बरामद कर लिया है।

इन नामजद बदमाशों के विरूद्ध अपराध दर्ज
कोतवाली थाना पुलिस ने चुनमुन शर्मा की रिपोर्ट पर पांच नामजद बदमाशों के विरूद्ध अपराध दर्ज किया है, इनमें संतोष शर्मा, अरविन्द शर्मा, परवीन तीनों पिता नरेश शर्मा, मनीष शर्मा पिता महेन्द्र शर्मा, किशन तिवारी सहित अन्य शामिल हैं। सभी संजय पार्क के पास किराए के मकान में रहने वाले हैं।

सभी आरोपी और पीडि़त पक्ष औरंगाबाद बिहार के रहने वाले हैं, जो अंबिकापुर में रहकर काम करते हैं। अभी तक की जांच में पुरानी रंजिश और पूर्व में हुई मारपीट के बाद गांधीनगर थाना में दर्ज कराए गए रिपोर्ट को लेकर घटना को अंजाम देना सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू एवं हथौड़ा बरामद किया है।
अमोलक सिंह ढिल्लो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा  

Categorized in: