अंबिकापुर। शासकीय राशन दुकान के संचालकों के बीच वाट्सएप ग्रुप से हटाने की बात करने को लेकर बनी विवाद की स्थिति मारपीट में तब्दील हो गई। मामला गांधीनगर थाना तक पहुंचा है, पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर केस पंजीबद्ध किया है।
राशन दुकान संचालक विनय सिंह ने पुलिस को बताया है कि उसके द्वारा वार्ड क्रमांक 03 का पीडीएस वाट्सएप ग्रुप बनाया गया था। उक्त ग्रुप से पड़ोसी सरकारी राशन दुकान का संचालन करने वाले प्रशांत पाण्डेय व अन्य लोगों को रिमूव कर दिया था। इसी बात को लेकर प्रशांत पाण्डेय ने मोबाइल में फोन करके गालीगलौज करते हुए मारपीट करने की धमकी दी। नौ मई को दोपहर लगभग 12 बजे वह अपने भाई विवेक सिंह व मित्र पुलक सारथी के साथ सोसायटी जा रहा था, तभी अनिल पाण्डेय, प्रशांत पाण्डेय दोनों उसका रास्ता रोककर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। इनके द्वारा हाथ मुक्का व लात से मारपीट की गई। मारपीट करते देख पुलक सारथी इन्हें छुड़ाने का प्रयास किया, तो उससे भी गालीगलौज कर धक्का-मुक्की करने लगे। मारपीट में विनय को गर्दन, कंधा एवं पैर में चोट आई है। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। आरोप है कि बाद में अनिल पाण्डेय व प्रशांत पाण्डेय ने घर की महिला सदस्यों के साथ भी गाली-गलौज किया। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपितों के विरूद्ध धारा 294, 323, 34, 341, 506 का मामला दर्ज किया है। दूसरे पक्ष से गांधीनगर निवासी अनिल पाण्डेय 54 वर्ष ने विनय सिंह, विवेक सिंह पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने व मारपीट करने का आरोप लगाया है। रिपोर्टकर्ता ने पुलिस को दिए गए आवेदन में बताया है कि 09 मई को दिन के 12 बजे वे अपने पुत्र प्रशांत पाण्डेय के साथ शासकीय उचित मुल्य दुकान का संचालन कर रहे थे, तभी विनय व विवेक सिंह दुकान में घुसकर गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे, जिसमें दोनों पिता-पुत्र को चोट आई है। इस दौरान दुकान मालिक ने बीच-बचाव किया। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 294, 323, 34, 506 का मामला दर्ज किया है।

Categorized in: