अंबिकापुर। श्रीश्री राधाकृष्ण मंदिर अजिरमा में घुसे चोरों ने आलमारी व दानपेटी का ताला तोड़कर चार लाख 65 हजार 741 रुपये नगद पार कर दिया। चोर ने पुजारी के अंगवस्त्र को भी नहीं छोड़ा। घटना की रिपोर्ट गांधीनगर थाना में दर्ज कराई गई है, जिस पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरूद्ध मामला दर्ज कर जांच में लिया है।

जानकारी के मुताबिक रोजाना के भांति श्रीश्री राधाकृष्ण मंदिर के पुजारी निर्मल विश्वास 10 मई की सुबह पूजा-पाठ के लिए मंदिर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मंदिर के मुख्य द्वार, आलमारी व दानपेटी का ताला टूटा है। उन्होंने गांव के सतीश हलदार को फोन करके इसकी सूचना मंदिर समिति के अध्यक्ष को देने कहा था। समिति के अध्यक्ष कृष्णकांत थलपहरी पिता स्व. चितरंजन थलपहरी 54 वर्ष इसकी सूचना मिलने के बाद मंदिर पहुंचे और कमेटी के अशोक कविराज, सुभाष सरकार, राखल हलदार सहित अन्य सदस्यों को बुलाया। इस बीच मंदिर में चोरी होने की सूचना मिलने पर गांव के लोग भी एकत्र हो गए थे। इन्होंने देखा कि मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर चोर अंदर प्रवेश किए और आलमारी व दानपेटी का ताला तोड़कर पूरा सामान बिखेर दिए थे। आलमारी व दानपेटी में रखा नगद रकम चार लाख 87 हजार 963 रुपये एवं पुजारी का रामाबली गमछा, जिसमें बंगाली में हरे कृष्ण-हरे रामा प्रिन्टेड था, चोर ले गए थे। घटना को चोरों ने 09 मई की रात 10 बजे से 10 मई की सुबह 5 बजे के बीच अंजाम दिया है। चोरों का सुराग लगाने की ग्रामीणों ने कोशिश की, लेकिन पता नहीं चला। रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात चोर के विरूद्ध धारा 385, 457 का मामला दर्ज किया है।  

Categorized in: