बिश्रामपुर। चैत्र नवरात्रि में पूरे नौ दिन देवी मां के अलग-अलग स्वरूपों की आराधना की जा रही है। चैत्र नवरात्रि के आठवें दिन मां महागौरी की पूजा आज देवी मंदिरों में विधि विधान के साथ भक्तों द्वारा की गई। इसके लिए सुबह से ही मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। बताया जा रहा है कि  हिंदू पंचांग के अनुसार अष्टमी तिथि की शुरुआत 15 अप्रैल की दोपहर 12 बजकर 11 मिनट से हो चुकी थी, और इसका समापन 16 अप्रैल की दोपहर 1 बजकर 23 मिनट पर हुआ। चैत्र नवरात्रि की अष्टमी तिथि पर भक्तों द्वारा पूरी विधि विधान के साथ माता रानी की पूजा अर्चना करने पश्चात कन्या पूजन की गई। नवरात्रि उपासकों द्वारा कन्या पूजन के दौरान कन्याओं के पैर धोकर ने उन्हें साफ स्थान पर बैठाकर कन्याओं को देवी दुर्गा का रूप मानकर भोजन कराकर यथाशक्ति दान किया गया। महा अष्टमी को लेकर क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। पूरे दिन भक्तों द्वारा पूजा अर्चना व भोग भंडारे का आयोजन जगह-जगह कराया गया। इसके पूर्व चैत्र नवरात्रि के सप्तमी तिथि को स्वयं भू मां कालरात्रि मंदिर में भक्तों द्वारा प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी मां का श्रृंगार, अभिषेक कराकर विधिवत पूजा अर्चना की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर मां कालरात्रि की पूजा अर्चना किए। चैत्र नवरात्रि को लेकर आदिशक्ति मां समलेश्वरी महामाया मंदिर व स्वयं भू मां कालरात्रि मंदिर के अलावे कालीघाट मंदिर, कुमदा कालोनी, कंदरई जोगी माडा में स्थित दुर्गा मंदिर व अन्य सभी मंदिरों में भक्तों द्वारा पूजा अर्चना कर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण करने मन्नत मांगी गई।
अखंड रामायण पाठ शुरू
रामनवमी को लेकर नगर के बस स्टैंड के समीप स्थित दक्षिणमुखी संकटमोचन हनुमान मंदिर में अखंड रामायण पाठ शुरू कराई गई है। अखंड रामायण पाठ का समापन व हवन 17 अप्रैल को यहां पर संपन्न कराकर दोपहर 12 बजे भगवान राम का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। साथ ही शाम पांच बजे से सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया जाएगा।

Categorized in: