पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 रास मवेशी और दो डंडा जप्त किया
छ.ग.फ्रंटलाइन
अंबिकापुर। पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए केदमा चौकी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी 15 रास मवेशी लेकर बूचड़खाना जा रहे थे।
उदयपुर थाना के पुलिस चौकी केदमा अंतर्गत कुमडेवा ग्राम निवासी युगेश्वर यादव ने 12 मार्च को ग्राम पंचायत सायर के सरपंच सरजू सिंह द्वारा फोन पर दी गई जानकारी का हवाला देते हुए रिपोर्ट दर्ज कराया कि रामप्रसाद मझवार एवं विजय कुमार मवेशियों को क्रूरता पूर्वक मारते-पीटते भूखे प्यासे पैदल हांकते बूचड़खाना की ओर ले जा रहे हैं, इन्हे रोककर रखा गया है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रामप्रसाद मझवार 40 वर्ष व विजय कुमार 35 वर्ष दोनों निवासी मतरिंगा चौकी केदमा के कब्जे से 15 रास मवेशी एवं 02 डंडा जप्त किया। आरोपियों ने मवेशियों को बूचड़खाना ले जाना स्वीकार किया। आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम 11 (01) (क), छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 के तहत कार्रवाई की गई है। इन्हें गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। कार्रवाई में चौकी कुन्नी से प्रधान आरक्षक घनश्याम यादव, कृष्णपाल सिंह, आरक्षक सियम्बर दास, कृष्ण कुमार सिंह शामिल रहे।

Categorized in: