मणिपुर थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा
छ.ग.फ्रंटलाइन
अंबिकापुर। मणिपुर थाना पुलिस ने डेढ़ वर्ष में रकम दोगुना करने का झांसा देकर ठगी करने के मामले में दो आरोपियों को कवर्धा से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन पुलिस बरामद की है।
मेंड्राकला निवासी संजय दास ने 11 मार्च को थाना मणीपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि कवर्धा के नारायण साहू एवं योगदत्त साहू ने स्वयं को एक्सपर्ट एफेक्स कम्पनी का बताकर डेढ़ वर्षों में रकम दोगुना करने का झांसा दिया और फोन पे एवं नगद रकम के माध्यम से 08 नवंबर 2022 व 17 नवंबर 2022 को कुल एक लाख 65 हजार रुपये की ठगी कर लिए। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 420, 34 भादवि का केस दर्ज कर विवेचना में लिया। विवेचना दौरान पुलिस टीम ने सायबर सेल से आरोपियों के संबंध में तकनीकि सहायता प्राप्त की और आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु कवर्धा रवाना हुई। पुलिस टीम ने नारायण साहू 26 वर्ष निवासी रमेली थाना पिपरिया व योगदत्त साहू 42 वर्ष निवासी नवघटा थाना पिपरिया जिला कवर्धा को घेराबंदी करके गिरफ्तार किया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वर्ष 2022 में वे ऑनलाइन ट्रेडिंग का काम करते थे। एक्सपर्ट एफेक्स कम्पनी का प्रचार-प्रसार कर वे अन्य व्यक्तियों को जोड़कर डेढ़ वर्ष में रकम दोगुना करने की बात कहकर रकम निवेश कराते थे। आरोपियों ने रिपोटकर्ता व उनके रिश्तेदार से रकम दोगुना करने के नाम पर एक लाख 65 हजार रुपये की ठगी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक सतीश सिंह, राजेंद्र तिर्की, सैनिक अनिल साहू शामिल रहे।

Categorized in: